मेनहोल में गहराई नापने उतरे 1 श्रमिक की दम घुटने के कारण मौत. 2 श्रमिकों की तबियत बिगड़ी
BOL PANIPAT : वार्ड 21 के गांव सौदापुर में अमरूत योजना के तहत सीवर कनेक्शन जारी है। इस दौरान एक मेनहोल में गहराई नापने उतरे श्रमिक की दम घुटने के कारण अंदर ही हालत गंभीर हो गई।गहराई मापने गया श्रमिक जब बाहर नहीं आया तो उसे देखने दूसरा साथी अंदर गया। जब वह भी दो मिनट तक बाहर नहीं आया, तो तीसरा साथी श्रमिक अंदर गया।वह भी अंदर जाकर बेहोश हो गया।
इसके बाद मौके पर मौजूद अन्य श्रमिकों ने बचाव के लिए शोर मचाया। मौके पर भीड़ जमा हो गई। इसके बाद क्रेन की मदद से तीनों को बाहर निकाला गया। हादसे की सूचना डायल 112 पर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस व एंबुलेंस की गाड़ियां मौके पर पहुंची। तीनों श्रमिकों को मेनहोल से बाहर निकाला गया। तुरंत तीनों को सामान्य अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने चेकअप के दौरान एक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो की हालत गंभीर होने की वजह उन्हें अस्पताल में भर्ती कर लिया।
जानकारी मिलने पर पुराना औद्योगिक थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बलराज टीम के साथ सिविल अस्पताल पहुंचे। जहां उन्होंने घायलों के बयान लिए और हादसे के बारे में जाना। पुलिस को दिए बयान में घायल श्रमिक आजाद ने बताया कि वह मूल रूप से यूपी के मेरठ का रहने वाला है। पिछले 2 माह से वह पानीपत में चल रहे सीवरेज निर्माण में बतौर मजदूर कार्य कर रहा है। उसके साथ उसकी टीम के 7 श्रमिक हैं।
गुरुवार दोपहर करीब पौने 1 बजे उसका साथी बिलाल सीवरेज के मेनहोल का ढक्कन हटा कर मैनहोल के भीतर चला गया। दो मिनट तक जब वह बाहर नहीं आया तो मोहम्मद आजाद और फिर मोहम्मद आबिद मैनहोल के अंदर गया था। थाना प्रभारी का कहना है कि अभी मौका मुआयना कर ही स्पष्ट हो पाएगा की हादसा कैसे हुआ है।

Comments