Tuesday, February 10, 2026
Newspaper and Magzine


 सड़क दुर्घटना में घायल छात्र को एसडीएम ने पहुंचाया अस्पताल, नहीं बच पायी जान 

By LALIT SHARMA , in Accident , at March 7, 2022 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : एनएफएल के समीप बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। वहीं  एनएफएल कालोनी में  होस्टल में रह रहे समालखा के एसडीएम अश्वनी मलिक सरकारी गाड़ी में सवार होकर समालखा अपने कार्यालय जा रहे थे। उनकी नजर बाहर निकलते ही घायल युवक पर पड़ी। उन्होंने देखा कि खून से लथपथ युवक दर्द से कराह रहा था।एसडीएम ने एंबुलेंस आने का इंतजार न करते हुए मानवता की मिसाल पेश करते हुए घायल को तुरंत अपनी सरकारी गाड़ी में लिटाया और सिविल अस्पताल के लिए लेकर चल पड़े। लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत होने की खबर सुनकर एसडीएम भावुक हो गए और वे निराश चेहरे के साथ वहां से अपने कार्यालय की ओर रवाना हो गए।

मृतक की जेब से मिले मोबाइल फोन व अन्य दस्तावेजों से मृतक की शिनाख्त हुई। मृतक की पहचान सागर (21) पुत्र ओमप्रकाश निवासी मुरथल सोनीपत के रुप में हुई। मोबाइल फोन से उसके परिजनों को संपर्क करके हादसे की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिजन तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचे।

परिजनों ने शव की पहचान भी की। परिजनों ने बताया कि सागर बी फार्मेसी का विद्यार्थी था। वह निजी काम से मुरथल से पानीपत आया था, जहां उसकी सड़क हादसे में मौत हो गई। 

Comments