मिठाई की दुकान व घर में घुसकर जानलेवा हमला करने का 13वां आरोपी गिरफ्तार
BOL PANIPAT , 06 दिसंबर, राक्सेडा गांव में मिठाई की दुकान व घर में घुसकर जानलेवा हमला व तोड़फोड़ करने की वारदात में फरार चल रहे 13वें आरोपी को सीआईए टू पुलिस टीम ने शुक्रवार शाम को मुरथल टोल प्लाजा के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान सोनीपत के पीपली गांव निवासी विक्रम के रूप में हुई है।
सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर सुमित सरोहा ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके साथी आरोपियों के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक डंडा बरामद कर शनिवार को पूछताछ के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।
प्रभारी इंस्पेक्टर सुमित ने बताया कि मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके 9 आरोपियों रोहित, गौरव, अनुज, शक्ति, समीर, अनिल, मनीष, राहुल, उत्तम के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त दो गंडासी, तीन डंडे व दो बाइक बरामद कर उक्त आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। इसके साथ ही मामले में तीन आरोपियों को शामिल जांच कर गिरफ्तार किया जा चुका है।
यह है मामला
थाना समालखा में राक्सेडा गांव निवासी भीम सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसके दो बेटे है। उनकी गांव में मिठाई की दुकान है। एक साल पहले दुकान पर उसके पोते शिवम के साथ गांव निवासी रोहित की मामूली बात पर हाथापाई हुई थी। जिसकी उन्होंने चौकी में शिकायत दी थी। गांव के मौजिज व्यक्तियों ने राजीनामा करवा दिया था। इसके बाद रोहित उनके परिवार से रंजिश रखने लगा था। 25 जुलाई को शाम करीब 8 बजे उसका पोता शुभम व एक अन्य लड़का दुकान पर बैठे थे। तभी रोहित व अशोक अपने 20-30 अन्य साथियों के साथ लाठी, डंडे व डंडासी से लैस होकर आए और दुकान में घुसकर शुभम को पीटना शुरू कर दिया। आरोपियों ने दुकान के शीशे व अन्य सामान भी तोड़ दिया। दुकान के बाहर खड़ी स्कूटी व बाइक को भी तोड़ दिया। इसके बाद आरोपियों ने घर में घुसकर उसके व पत्नी कृष्णा व बेटे मोनू के साथ मारपीट की। गांव के लोगों को आता देख आरोपी हथियारों को लहराते हुए बाइकों पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
इसके करीब 10 मिनट बाद रोहित का पिता इंद्र गांव बसाडा की और से अपनी स्विफ्ट कार मे सवार होकर आया। लोगों ने उसको वारदात बारे बताने की कोशिश की तो उसने कार की स्पीड कर जान से मारने की कोशिश की। उसके भतीजे राजेश व गांव के अन्य कई लोगों को चोट लगी। भतीजे राजेश की टांग टूट गई। राजेश व गांव निवासी देव उर्फ गोली को इलाज के लिए पानीपत सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया है। थाना समालखा में भीम सिंह की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।

Comments