Thursday, July 16, 2026
Newspaper and Magzine


जनता समाधान शिविर में 53 शिकायतें दर्ज. अधिकारी करें तत्काल कार्रवाई: निगम संयुक्त आयुक्त डॉ संजय

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at September 29, 2025 Tags: , , , ,

-कोई शिकायत बिना निस्तारण के नहीं रहेगी – अधिकारी करें गम्भीरता से कार्य: एसडीएम नवदीप नैन

-शिविर का मकसद सिर्फ शिकायत सुनना नहीं बल्कि समाधान सुनिश्चित करना है: नगराधीश टीनू पोसवाल

-पुलिस पर जनता का विश्वास बनाए रखना प्राथमिकता: डीसीपी

BOL PANIPAT , 29 सितंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह के निर्देशानुसार प्रदेशभर में हर सोमवार और गुरुवार को आयोजित किए जा रहे जनता समाधान शिविर आम नागरिकों के लिए बड़ी राहत बनते जा रहे हैं। सोमवार को जिला सचिवालय सभागार में हुए शिविर में  पहुंचे नागरिको ने प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। कुल 53 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से कई पर तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी गई।
  जनता समाधान शिविर की अध्यक्षता कर रहे निगम संयुक्त आयुक्त डॉ. संजय ने कहा कि यह शिविर उन नागरिकों के लिए किसी जीवनरेखा से कम नहीं हैं, जिन्हें बार-बार दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। उन्होंने कहा, हमारी प्राथमिकता यही है कि शिकायतकर्ता को राहत तुरंत मिले। इस शिविर के जरिए लोगों को सीधे अधिकारियों से संवाद करने और समाधान पाने का मौका मिलता है। आज दर्ज शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को तुरंत निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
    इसराना एसडीएम नवदीप नैन ने अधिकारियों को चेताया कि अब किसी भी शिकायत को हल्के में न लें। उन्होंने कहा, शिकायतें दर्ज होते ही उन पर गंभीरता से काम शुरू करें। हर शिकायत का निश्चित समय सीमा में निस्तारण होना चाहिए।
    नगराधीश टीनू पोसवाल ने कहा कि शिविर का मकसद सिर्फ शिकायत सुनना नहीं बल्कि समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा, कोई भी समस्या ऐसी नहीं है जिसका समाधान न हो। अधिकारियों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ हर मामले को देखना चाहिए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।
  शिविर में मौजूद डीसीपी सतीश वत्स ने कहा कि पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतों को अधिकारियों को प्राथमिकता से देखना होगा। उन्होंने कहा, जनता का पुलिस पर विश्वास टिका है और हमें उस भरोसे पर खरा उतरना होगा। छोटी-सी समस्या पर भी त्वरित कार्रवाई कर शिकायतकर्ता को संतुष्ट करना हमारी जिम्मेदारी है।  
  शिविर में कुल 53 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें एडीसी से जुड़ी 38 शिकायतें, पुलिस विभाग से जुड़ी 3 शिकायतें, डीआरओ से संबंधित 3 शिकायतें, एसई यूएचबीवीएन और डीडीपीओ से जुड़ी 2-2 शिकायतें, पीडब्ल्यूडी, सीईओ जिला परिषद और डीडीए से जुड़ी 1-1 शिकायत शिविर में दर्ज हुई। निगम संयुक्त आयुक्त ने इन सभी पर अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
  शिविर में पहुंचे शिकायतकर्ताओं ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम से उन्हें भरोसा मिला है कि उनकी समस्याओं को सुना और सुलझाया जाएगा। शिकायतों का समाधान मौके पर होने से लोगों के चेहरे पर संतोष और राहत झलक रही है। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Comments