Thursday, April 16, 2026
Newspaper and Magzine


सरकार की मंशा आधुनिक खेती और आत्मनिर्भर किसान: उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at March 12, 2026 Tags: , , , , , ,

-अनुसूचित जाति के किसानों को ट्रैक्टर पर अनुदान: एसबी-89 योजना से खेती को मिलेगी नई रफ्तार

-ट्रैक्टरों का भौतिक सत्यापन 16 मार्च को, पारदर्शिता से लागू होगी योजना

-किसानों की आर्थिक मजबूती के लिए बड़ा कदम

BOL PANIPAT , 12 मार्च। जिले में एसबी-89 स्कीम 2025-26 के तहत अनुसूचित जाति वर्ग के किसानों को ट्रैक्टर पर अनुदान उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया तेज़ी से आगे बढ़ रही है। इस संबंध में उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने जानकारी देते हुए बताया कि योजना के तहत पात्र किसानों से विभागीय पोर्टल पर 15 जनवरी 2026 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे।

उपायुक्त डॉ दहिया ने बताया कि प्राप्त आवेदनों में से पात्र किसानों का ऑनलाइन ड्रॉ 20 फरवरी 2026 को पारदर्शी तरीके से आयोजित किया गया, जिसमें चयनित किसानों को ट्रैक्टर पर अनुदान देने की प्रक्रिया शुरू की गई। अब चयनित किसानों द्वारा खरीदे गए ट्रैक्टरों का भौतिक सत्यापन 16 मार्च को किया जाएगा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि योजना का लाभ सही और पात्र किसानों तक पहुंचे।

उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने कहा कि हरियाणा सरकार किसानों को आधुनिक कृषि उपकरण उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।  एसबी-89 योजना का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति के किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें आधुनिक खेती के साधनों से जोडऩा है, जिससे खेती की लागत कम हो और उत्पादन में बढ़ोतरी हो सके।

डॉ वीरेन्द्र कुमार दहिया ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को ट्रैक्टर खरीदने पर सरकार की ओर से अनुदान दिया जाता है। इससे छोटे और सीमांत किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र अपनाने में सहायता मिलती है। ट्रैक्टर मिलने से किसानों की खेती में समय की बचत होगी, मजदूरी की लागत कम होगी और खेती अधिक प्रभावी तरीके से की जा सकेगी।

    उपायुक्त डॉ. दहिया ने कहा कि जिला प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि योजना का क्रियान्वयन पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ हो। सभी चयनित किसानों के ट्रैक्टरों का भौतिक सत्यापन कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा किया जाएगा, ताकि योजना के नियमों का सही पालन हो सके।

उपायुक्त डॉ. दहिया ने किसानों से अपील की कि वे सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कृषि योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और आधुनिक तकनीकों को अपनाकर अपनी आय में वृद्धि करें। इस मौके पर सहायक कृषि अभियंता सुधीर ने किसानों को योजना से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की और सत्यापन प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की।

Comments