बी.ए. प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं के लिए दो दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन
BOL PANIPAT : 15 सितम्बर, 2022 और 16 सितंबर, 2022 को आई.बी. स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बी.ए प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साह पूर्वक भाग लेते हुए महाविद्यालय में होने वाली विभिन्न गतिविधियों की सम्बंधित प्राध्यापकों से जानकारी प्राप्त की। इस कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय प्राचार्य डॉ अजय कुमार जी ने किया और उन्होंने विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने महाविद्यालय में आए सभी विद्यार्थियों को नैतिक व संस्कारित मूल्य आधारित शिक्षा को जीवन में अपनाने के बारे में कहा और महाविद्यालय की तरफ से विद्यार्थियों को हर संभव सुविधा उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि आने वाले 3 वर्षों में आप अपने पुरुषार्थ से अपनी मंजिल निर्धारित कर सकते हैं।कॉलेज की उप प्राचार्य डॉ मधु शर्मा ने संबोधित करते हुए कॉलेज में आधुनिक पुस्तकालय के बारे में जानकारी प्रदान की और बताया कि किस प्रकार आप इस आधुनिक पुस्तकालय से लाभ ले सकते है . प्रो पी.के नरूला ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के अनुशासन के बारे में बहुत सी बातें विस्तार से बताई और महाविद्यालय में आने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को महाविद्यालय की आचार-संहिता के बारे में विस्तृत जानकारी दी .

परीक्षा नियंत्रक के तौर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के परीक्षा से संबंधित मापदंडों से विद्यार्थियों का परिचय करवाया। महाविद्यालय में आयोजित किए जाने वाले परीक्षा सम्बंधित और शिक्षणेत्तर कार्यकलापों से सम्बंधित जानकारी विद्यार्थियों को दी गयी। एन.एस.एस. के कार्यक्रम अधिकारी डॉ जोगेश ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए महाविद्यालय की राष्ट्रीय स्वयं सेवा योजना इकाई की पिछले वर्षों के दौरान प्राप्त उपलब्धियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया और नई छात्राओं को इस सेवा के मिशन में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए आमंत्रित किया। डॉ सुनीत शर्मा और डॉ. निधान सिंह ने सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान किया। प्रो राजेश कुमार एन सी सी कार्यक्रम अधिकारी ने विद्यार्थियों को बताया कि किस प्रकार आप इस इकाई में शामिल होकर अपने जीवन को एक नई दिशा देकर अपना भविष्य बना सकते है , प्लेसमेंट सैल की इंचार्ज डॉ अर्पणा गर्ग ने विद्यार्थियों को अपनी इकाई के बारे में विस्तार से जानकारी दी और समय सारणी को विद्यार्थियों के सम्मुख विस्तृत रूप से प्रस्तुत किया। ओरिएंटेशन कार्यक्रम में डॉ पूनम मदान और डॉ निधि मल्होत्रा ने मंच संचालन किया। इस अवसर पर बी ए संकाय से डॉ रामेश्वर दास, ,डॉ किरण मदान , डॉ नीलम दहिया, प्रो सीमा , डॉ शर्मिला यादव , डॉ सुनीता दाङा , प्रो विनय वाधवा , प्रो अंजलि गुप्ता , प्रो सोनिया वर्मा , प्रो रेखा शर्मा , प्रो राहुल कुमार, प्रो रवि कुमार आदि इस कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

Comments