सीएम घोषणाओं के तहत चल रहे कार्यों की डीसी ने ली समीक्षा बैठक
लंबित विकास कार्यो को शीघ्र पूरा करें: डीसी
BOL PANIPAT , 21 सितम्बर। उपायुक्त सुशील सारवान ने बुधवार को जिला में मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं से सम्बंधित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन विकास परियोजनाओं को लेकर मुख्यालय स्तर कार्रवाई की जानी है संबंधित विभागों के अधिकारी ऐसी परियोजनाओं को लेकर स्वयं मुख्यालय के अधिकारियों से बात करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा के जो विकास कार्य शुरू नहीं किए गए हैं, उन्हें शीघ्र शुरू करवाना सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने कहा कि जिन घोषणाओं पर काम चल रहा है, उन्हें भी निर्धारित समय पर पूरा करवाना सुनिश्चित करें।
उपायुक्त ने विभिन्न विभागों की प्रगति रिपोर्ट जानने के साथ ही जिले में विभिनन स्कूलों में बन रहे भवनों में इस्तेमाल हो रही सामग्री की जांच करने के पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता को चैकिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूलों एवं अन्य स्थानों पर हो रहे विकास कार्यो में गुणवत्ता से समझौता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नही किया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर विभागों की लापरवाही के कारण हुई देरी को सहन नहीं किया जाएगा। यदि किसी घोषणा में एक से अधिक विभाग शामिल हैं तो ऐसे विभागों के अधिकारी आपस में तालमेल व समन्वय बनाकर कार्य करें ताकि परियोजनाओं के पूरा होने में देरी ना हो। उन्होंने विशेष रूप से जनस्वास्थ्य विभाग, पंचायत विभाग, सिंचाई विभाग, वन विभाग, पशुपालन विभाग, शिक्षा विभाग, खेल विभाग, हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड सहित अन्य विभागों से जुड़ी सभी घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की और इनके क्रियान्वयन के संबंध में अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।
लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित इस समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने बताया कि 2014 से लेकर अब तक मुख्यमंत्री द्वारा कुल 429 घोषणाएं की गई हैं, जिनमें से 189 पूरी हो चुकी हैं, 52 पर कार्य प्रगति पर हैं,177 लंबित हैं तथा 11 पर किन्हीं कारणों से काम नहीं हो सकता। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं को प्राथमिकता देते हुए मुख्यालय से आवश्यक स्वीकृतियां लेते हुए जल्द कार्य शुरू करवाएं। इस मामले में ढिलाई ना बरतें। जहां उनके दखल की आवश्यकता हो बताएं, वह उच्च अधिकारियों से आग्रह कर लेंगे लेकिन कार्यों को गति दें। इस अवसर अतिरिक्त उपायुक्त वीना हुड्डा, सीईओ जिला परिषद विवेक चौधरी, एसडीएम वीरेन्द्र ढुल, एसडीएम समालखा अमित खोखर, सीटीएम राजेश सोनी, डीएसपी विजय कुमार सहित सभी सबंधित विभागों के अधिकारी तथा कर्मचारी मौजूद रहें।

Comments