सीएम विंडो की शिकायत पर जो देरी करेगा उस पर होगी कार्रवाई: वीना हुड्डा
BOL PANIPAT , 21 सितम्बर। अतिरिक्त उपायुक्त वीना हुड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री शिकायत निवारण पटल (सीएम विंडो) पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का निर्धारित समय अवधि में निपटान करें। वीना हुड्डा ने बुधवार को सीएम विंडो पर आने वाली शिकायतों को लेकर सभी विभागों के सबंधित अधिकारियों तथा कर्मचारियों के साथ लघु सचिवालय में स्थित द्वितीय तल पर कॉन्फ्रेंस हाल में समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी अधिकारियों तथा कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री शिकायत निवारण पटल (सीएम विंडो) पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का निर्धारित समय अवधि में निपटान करें। निपटान में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होगा। उसके खिलाफ कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी, क्योंकि इसकी निगरानी सीधे तौर पर मुख्यमंत्री स्वयं करते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की हिदायतों के अनुसार सीएम विंडो की शिकायत का 15 दिन में निस्तारण करना होता है, मगर अधिकतर अधिकारी इन शिकायतों को दबाए बैठे रहते हैं। जिस कारण शिकायतकर्ता को बहुत समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी अधिकारी तथा कर्मचारी इस कार्य को लेकर लापरवाही न बरतें ताकि शिकायतकर्ता को समय पर न्याय मिल सके। इस अवसर पर एसडीएम वीरेन्द्र ढुल, सीईओ जिला परिषद विवेक चौधरी, एसडीएम समालखा अमित खोखर,सीटीएम राजेश सोनी सहित सभी विभागों के अधिकारी तथा कर्मचारी मौजूद रहे।

Comments