किसान 15 दिसंबर तक अवश्य करवाएं पंजीकरण :डॉ. वजीर
अन्यथा सरकारी दाम पर नहीं बिकेगी फसल, जिले में अब तक 15.6 प्रतिशत जमीन का हुआ रजिस्ट्रेशन
BOL PANIPAT , 14 दिसंबर। चालू रबी सीजन की फसलों के लिए मेरी फसल-मेरा ब्यौरा (एमएफएमबी) पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करवाने में अब तक जिले में 4519 किसानों द्वारा 38279.75 एकड़ कृषि भूमि का ही रजिस्ट्रेशन करवाया है जो कि 15.06 प्रतिशत है। ऐसे में किसानों को अपनी रबी की फसलों का मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर ज्यादा से ज्यादा रुचि लेकर पंजीकरण करवा लेना चाहिए।
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उप निदेशक डॉ. वजीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर अपनी सिंचित भूमि का रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य किया हुआ है। बिना पंजीकरण के न तो किसान की फसल की सरकारी बिक्री हो सकेगी और न ही संबंधित किसान को सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल पाएगा। पंजीकरण न करवाने वाले किसान को कृषि यंत्रों पर मिलने वाले अनुदान व अन्य लाभों से भी वंचित होना पड़ेगा। इसलिए किसानों को समय पर अपनी फसलों का रजिस्ट्रेशन करवा लेना चाहिए।
उन्होंने जिला पानीपत के किसानों का आह्वान किया कि 15 दिसंबर तक रबी सीजन की फसलों का रजिस्ट्रेशन करवा लें। इससे पूर्व भी कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा किसानों को फसल का रजिस्टे्रशन करवाने के लिए जागरूक किया जा चुका है।
डॉ. वजीर सिंह ने बताया कि चालू रबी सीजन की मुख्य फसल गेंहू व गन्ना है और जिला पानीपत में 2.15 लाख एकड़़ में गेहूं की फसल तथा 25 हजार एकड़ में गन्ने की फसल किसानों द्वारा काश्त की गई है। जबकि मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण करवाने में किसान काफी उदासीन दिख रहे हैं। उन्होंने बताया कि कृषि विभाग की टीम किसानों को जागरूक करने में लगी हुई है।

Comments