Sunday, August 2, 2026
Newspaper and Magzine


आर्य महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने नांगलखेड़ी में चलाया वित्तीय साक्षरता अभियान

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at March 6, 2023 Tags: , , , ,

सीखे योग प्राणायाम व प्राथमिक चिकित्सा के गुर

BOL PANIPAT : आर्य महाविद्यालय की एन एस एस इकाई द्वारा ग्राम नांगलखेड़ी में युवा सशक्तिकरण विषय पर लगाए जा रहे सात दिवसीय आवासी विशेष शिविर के चौथे दिन की शुरूआत प्रतिदिन की तरह योग अभ्यास से हुई। पतंजलि योग समिति, पानीपत एवं हरियाणा योग आयोग के मुख्य प्रशिक्षक डॉ अशोक अरोड़ा ने स्वयंसेवकों को योग व प्राणायाम के गुर सिखाए। उन्होंने संतुलित आहार, एक्यूप्रेशर व प्राकृतिक चिकित्सा की बारीकियों से अवगत करवाते हुए सभी विद्यार्थियों से प्रतिदिन योग करने का प्रण भी दिलवाया। ज़िला रैडक्रॉस सोसाइटी पानीपत से प्रशिक्षिका रोहिणी ने कार्यक्रम में शिरकत करते हुए प्राथमिक चिकित्सा व घरेलू उपचार का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने सीपीआर तकनीक, साँप के काटने पर, दुर्घटनाग्रस्त होने पर व अत्यधिक खून बह जाने पर देने वाले प्राथमिक उपचार की विस्तृत जानकारी दी। उन्‍होंने कहा कि सभी को अपने फोन में आई सी ई अर्थात इन केस ऑफ इमरजेंसी के नाम से इमरजेंसी नंबर सेव करके रखने चाहिए ताकि समय आने पर उनका प्रयोग प्राथमिक उपचार देने वाले व्यक्ति द्वारा किया जा सके। सांयकालीन सत्र में स्वयंसेवकों ने ग्राम नांगलखेड़ी में घर-घर जाकर ग्रामवासियों को वित्तीय साक्षरता प्रदान की। उन्होंने पेटीएम, ऐमज़ॉन, गूगल पे, ऑनलाइन शॉपिंग व ऑनलाइन फ्रॉड से बचने बारे जानकारी साँझा की। प्राचार्य डॉ जगदीश गुप्ता ने कहा कि इस प्रकार के शिविर से विद्यार्थी न सिर्फ स्वयं जागरूक होते हैं अपितु समाज में अपनी सशक्त भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कार्यक्रम अधिकारी प्रो विवेक गुप्ता, डॉ मनीषा डुडेजा व समस्त एन एस एस टीम को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर कॉलेज स्टॉफ सदस्य, नांगलखेड़ी से टोनी, सुरेंद्र, मोहन व अन्य मौजूद रहे।

Comments