आर्य महाविद्यालय द्वारा मनाया गया एन एस एस स्थापना दिवस.
BOL PANIPAT : आर्य महाविद्यालय पानीपत की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाइयों द्वारा आज एन एस एस स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में एन एस एस स्वयंसेवकों के लिए एक ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन ऑनलाइन माध्यम से किया गया। कार्यक्रम अधिकारी प्रो विवेक गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि आज का यह कार्यक्रम माइक्रोसॉफ्ट टीम्स पर आयोजित किया गया जिसमें लगभग 200 स्वयंसेवकों ने भाग लिया। स्वयंसेविका अरुणिमा व हिमांशी ने अपनी स्वरचित कविताओं के माध्यम से एन एस एस व इसके स्वरूप पर प्रकाश डाला। प्रो विवेक गुप्ता व डॉ मनीषा नागपाल ने विद्यार्थियों को एन एस एस के एक-एक पहलू के बारे में विस्तारपूर्वक बताया। स्वयंसेवकों को नियमित गतिविधियों से लेकर सात दिवसीय शिविर, रक्तदान, पौधरोपण, सामाजिक जागरूकता, वित्तीय साक्षरता, प्राथमिक चिकित्सा व घरेलू उपचार कार्यशाला इत्यादि सभी एन एस एस गतिविधियों से अवगत कराया गया। दो वर्ष तक उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यार्थियों को मिलने वाले एन एस एस मेरिट सर्टिफिकेट के बारे में भी बताया गया। विद्यार्थियों को एन एस एस के ध्येय ‘स्वयं से पहले आप’ का अर्थ समझाते हुए अपने अंदर सच्ची सेवा का जज़्बा जागृत करने का प्रोत्साहन दिया गया। प्राचार्य डॉ जगदीश गुप्ता ने इस सफल आयोजन के लिए समस्त एन एस एस टीम को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं व विद्यार्थियों से आह्वान किया के वे इस एन एस एस रूपी यज्ञ में सम्पूर्ण भाव से आहूति डालें।

Comments