सतर्कता व जागरूकता साइबर क्राइम से बचने का बेहतर उपाय
-साइबर अपराध होने पर हेल्प लाइन नंबर 1930 या पोर्टल पर तुरंत करें शिकायत.
-संजय चौक व नूरवाला चौक पर एकत्रित आमजन को साइबर अपराध व इससे बचाव की जानकारी देकर जागरूक किया.
BOL PANIPAT : 08 अक्तूबर 2023, पुलिस महानिदेशक हरियाणा शत्रुजीत कपूर के मार्गदर्शन में व एडीजीपी क्राइम ओपी सिंह के निर्देशानुसार जनसाधारण को साइबर क्राइम से बचाने व जागरूक करने के लिए अक्तूबर माह को साइबर क्राइम जागरूकता माह के रूप में मनाया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत के मार्गदर्शन में जिला पुलिस की टीमें अभियान के तहत प्रतिदिन अलग अलग स्थान पर साइबर अपराध व इससे बचाव के टिप्स देकर लोगों को जागरूक कर रही है। इसी कड़ी में रविवार को थाना साइबर क्राइम की टीम ने संजय चौक व नूरवाला चौक पर एकत्रित आमजन को जानकारी देकर जागरूक किया।
साइबर अपराध होने की स्थिति में राष्ट्रीय साबर अपराध हेल्प लाइन नंबर 1930 व राष्ट्रीय साइबर अपराध रिर्पोटिंग पोर्टल पर शिकायत करने की जानकारी दी गई। पुलिस टीमों द्वारा बताया गया की किस प्रकार हम ऑनलाइन व ऑफलाइन वितिय लेनदेन करते समय कुछ जरूरी सावधानियां बरतकर अपने आप को धोखाधड़ी से बचा सकते है।
इस दौरान साइबर विशेषज्ञ पी/एसआई अजय ने साइबर अपराधों के बारे जानकारी देते हुए कहा कि तकनीक के इस युग में जितनी तेजी से डिजिटल लेन देन को बढ़ावा मिला है उतनी ही तेजी से ठगी के नए-नए तरिके सामने आ रहे हैं। खुद को साइबर ठगों से बचाने के लिए सबसे जरूरी जागरूकता व सतर्कता है। किसी भी अज्ञात नंबर से प्राप्त हुए लिंक को ना खोले और किसी भी फोन कॉल, संदेश, ईमेल इत्यादि पर दिए गए प्रलोभन या विश्वास में आकर अपनी कोई भी निजी जानकारी किसी के साथ सांझा ना करे।
सहायता करने के नाम पर यदि कोई बैंक, बिजली निगम, टेलीफोन एक्सचेंज, आयकर इत्यादी किसी भी विभाग का कर्मचारी बताकर आपसे कोई जानकारी मांगता है तो अपनी कोई भी जानकारी ना दें। साइबर ठगों के निशाने पर हर वह आदमी है, जो किसी भी डिजिटल माध्यम से जुड़ा है। फिर चाहे वह इंटरनेट मीडिया हो या फिर इंटरनेट बैंकिंग। जागरूकता ही साइबर अपराध से बचने का बेहतर उपाय है। अपने संगे संबंधि व साथियों को भी जानकारी देकर जागरूक करें।
साइबर अपराध का शिकार होने पर यहां करें शिकायत
इन तमाम सावधानियों के बावजूद अगर आप साइबर अपराध के शिकार हो जाते हैं। तो तत्काल साइबर क्राइम हेल्प लाइन नंबर 1930 या डायल 112 पर इसकी शिकायत करें या भारत सरकार के साइबर क्राइम पोर्टल के माध्यम से जिसका URL- https://cybercrime.gov.in है पर शिकायत करें। नजदीकी थाने में साइबर हेल्प डेस्क या साइबर क्राइम थाना पर भी शिकायत कर सकते हैं। वारदात घटीत होते ही तत्काल शिकायत करने पर ठगी की गई धनराशि वापस हो सकती है।

Comments