Monday, May 18, 2026
Newspaper and Magzine


एसडी पीजी कॉलेज पानीपत में वाणिज्य एवं प्रबंधन विषय पर मेगा क्विज प्रतियोगिता का आयोजन.

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at April 19, 2024 Tags: , , , ,

युवाओं के ज्ञान-वृद्धि. आत्मविश्वास-संचार और व्यक्तित्व विकास में क्विज प्रतियोगिताए बहुत उपयोगी है: डॉ अनुपम अरोड़ा   

BOL PANIPAT , 19 अप्रैल, एसडी पीजी कॉलेज पानीपत में वाणिज्य एवं प्रबंधन विषय पर मेगा क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमे कॉलेज के बीकॉम, बीबीए और एमकॉम के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिसा लिया । प्रतियोगिता में बीकॉम तृतीय वर्ष की टीम के सदस्य ललित, दीपक और मोहित ने सर्वाधिक प्रश्नों के सही उत्तर देकर बाजी मारी और पहला स्थान हासिल कर नकद इनाम हासिल किया । अजय, अभिषेक और आदित्य की टीम ने दूसरा और बीकॉम तृतीय की अन्नू, गीतांश और श्याम की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त कर कैश प्राइज जीता । प्रतियोगिता का विधिवत उदघाटन प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा ने किया । क्विज प्रतियोगिता क्विज को-ऑर्डिनेटर डॉ दीपिका अरोड़ा मदान की देख-रेख में संपन्न हुई । इस प्रतियोगिता में कॉलेज के अलग-अलग संकायों के लगभग 150 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया तथा इसमें मुख्यतः वाणिज्य विषय से सम्बंधित प्रश्न शामिल थे । इसके साथ-साथ सम-सामयिकी, सामान्य ज्ञान, अर्थशास्त्र, मार्केटिंग, फुल-फॉर्म्स इत्यादि उप-विषयों से कुल 50 बहु-विकल्प वाले प्रश्न पूछे गए जिसमे प्रत्येक प्रश्न का उत्तर 45 सेकंड के भीतर देना था । इस स्क्रीनिंग के बाद ‘फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट’ का उपयोग किया गया जिसमे कड़े मुकाबले के बाद विजेता को घोषित किया गया । ‘फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट’ के माध्यम से क्विज प्रतियोगिता बहुत ही रोचक बन गई । प्रतियोगिता में डॉ नवीन गोयल, प्रो पवन सिंगला, डॉ राकेश गर्ग, डॉ दीपा वर्मा, डॉ पवन कुमार, प्रो विशाल गर्ग, प्रो पूजा धींगडा, प्रो शिल्पा ठाकुर, प्रो हिमानी नारंग, प्रो पूजा गर्ग ने सक्रीय रूप से भाग लिया ।

तरल संपत्ति क्या है, ऑडिटिंग का उद्देश्य क्या है, मूल्य वर्धित कर क्या है, पूंजीगत संपत्ति क्या है, सब्सिडी क्या है, संतुलन मूल्य किसे कहते है, वायदा बाज़ार क्या होता है, बंधक क्या है, वैज्ञानिक प्रबंधन के जनक कौन है, कंपनी सचिव की नियुक्ति कौन करता है, जीवन बिमा का राष्ट्रीयकरण कब हुआ, कमान की एकता का क्या तात्पर्य है, ‘येन’ कहाँ की मुद्रा है, प्राप्ति एवं भुगतान खाता किसके द्वारा तैयार किया जाता है, बैलेंस शीट में हम किसे दर्शाते है, नए लाभ बंटवारे के अनुपात की गणना किस समय पर की जाती है, व्यापारिक सदभावना का क्या अर्थ है आदि प्रश्नों ने क्विज प्रतियोगिता को रोचक बना दिया ।

डॉ अनुपम अरोड़ा ने कहा कि क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं के ज्ञान में वृद्धि होती है और उनमे आत्मविश्वास के भाव का संचार होता । वाणिज्य विषय पर तैयार की गई इस बहुआयामी क्विज का उद्देश्य सार्थक एवं प्रासंगिक ज्ञान एवं जानकारी को प्रश्नों के रूप में छात्र-छात्राओं तक पहुंचाना था ताकि प्रतियोगी छात्र इनके अभ्यास द्वारा परीक्षाओं में पूछे जाने वाले प्रश्नों के स्वरुप से परिचित हो सकें और उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं में इनका लाभ मिले । क्विज में भाग लेने से हमारी खुद की समझ भी व्यापक बनती है । उन्होनें कहा कि क्विज़ एक प्रकार की दिमागी कसरत है जिसमें प्रतिभागी सवालों के सही उत्तर देने का प्रयास करते हुए अपने बौद्धिक विकास को सक्रीय करता है । क्विज़ एक प्रकार का संक्षिप्त मूल्यांकन भी हैं जिसका प्रयोग शिक्षा या इसी प्रकार के अन्य क्षेत्रों में ज्ञान, योग्यता और कौशल में वृद्धि को मापने के लिए किया जाता है । उन्होनें कहा कि  प्रश्नोत्तरी संवाद का एक बेहतरीन मंच है जहां विद्यार्थी पुरस्कार पाने या रात भर में प्रसिद्धि पाने के लिए भाग नहीं लेता है बल्कि ज्ञान हासिल करने, अकादमिक उत्कृष्टता और अपना भविष्य सुरक्षित करने के मौके तलाशने के लिए इसमें भाग लेता है ।  

प्रो दीपिका अरोड़ा मदान क्विज को-ऑर्डिनेटर ने कहा कि क्विज प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पूरे जोश और जूनून के साथ हिस्सा लिया । ‘फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट’ ने क्विज को और भी रोचक बना दिया और इसकी मदद से निर्णय करना भी सुविधाजनक हो पाया क्यूंकि बहुत से प्रतिभागियों के सही उत्तरों की संख्या एक समान थी । क्विज़ एक प्रकार का संक्षिप्त मूल्यांकन हैं जिसका प्रयोग शिक्षा या इसी प्रकार के अन्य क्षेत्रों में ज्ञान, योग्यता और कौशल में वृद्धि को मापने के लिए किया जाता है । क्विज़ छात्रों के मूल्यांकन के लिए भी एक सटीक माध्यम है । इसमें थोड़े एवं कम कठिनाई वाले सवाल होते हैं और एक परीक्षा की तुलना में इसे पूरा करने के लिए समय की भी कम आवश्यकता होती है ।     

Comments