Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


जिला में शांतिपूर्ण रहा लोकसभा आम चुनाव का मतदान।

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE Elections , at May 25, 2024 Tags: , , , , ,

-डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से किया विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा,लिया व्यवस्थाओं का जायजा।

BOL PANIPAT , 25 मई। लोकतंत्र के महापर्व में करनाल संसदीय क्षेत्र के लिए हुए मतदान में जिला की चारों विधानसभाओं में युवा, महिलाओं, बुजुर्गों तथा दिव्यांगों ने उत्साह व उमंग से अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनावी समर में मतदान आरंभ होते ही मतदाताओं का मतदान के प्रति जोश स्पष्ट दिखाई दे रहा था। शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण आंचल में मतदान प्रारंभ होते ही बूथों पर लंबी-लंबी कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। मतदान के दौरान महिलाओं, युवाओं तथा बुजुर्ग मतदाताओं में मतदान के प्रति अलग ही जोश नजर आया।

मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे ही लंबी कतारे देखने को मिली। दिव्यांग मतदाता पूरे जोश के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे थे, जहां रेडक्रॉस वॉलिंटियर्स, एनसीसी तथा हरियाणा पुलिस के जवान उन्हें मतदान करने में हर प्रकार की मदद कर रहे थे। बुजुर्ग महिलाएं भी लोकतंत्र के महापर्व में पूरे जोश से अपनी भागीदारी सुनिश्चित करवाने के लिए बूथों पर पहुंचे। गर्मी होने के बावजूद भी मतदाताओं में वोट डालने का अलग ही जुनून दिखाई दिया। लोकतंत्र के महापर्व में इस बार जो युवा पहली बार वोट डाल रहे थे, उनके अंदर एक अलग ही अहसास झलक रहा था।

अपनी तर्जनी पर लगे निशान को युवा वर्ग अपने मोबाइल के माध्यम से सेल्फी ले रहे थे और उसे अपने दोस्तों के साथ सोशल साइटों पर सांझा करके खुशी व्यक्त कर रहे थे। जिला प्रशासन द्वारा चलाए गए स्वीप (व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी) की गतिविधियों के माध्यम से जिला के मतदाताओं को मतदान के लिए जागरूक किया गया, जिसका परिणाम भी सकारात्मक रहा। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ वीरेंद्र कुमार दहिया और पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने मतदान के दिन संयुक्त रूप से एसडी कालेज स्थित मतदान केंद्र, गांव डाहर,नौल्था,बलाना समालखा स्थित विभिन्न मतदान केंद्रों के साथ साथ,मॉडल टाउन गुरुराम दास सीनियर सेकेंडरी स्कूल डॉ एमकेके और बाल विकास स्कूल स्थित मतदान केंद्रों का भी दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और पोलिंग कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों का हौसला भी बढ़ाया।

यही नहीं उन्होंने तहसील कैंप में मार्च पास्ट भी निकाला। मतदाताओं ने पूरे जोश के साथ लोकतंत्र के महापर्व में अपनी आहुति डालते हुए अभिव्यक्ति के माध्यम से कहा कि मतदान करना हमारा देश के प्रति कर्तव्य बनता है, जिसका निर्वहन हम सभी ने किया है।

बुजुर्ग मतदाताओं को उनके परिजन मतदान केंद्रों तक लाएं। मतदान के दौरान बुजुर्ग महिलाओं ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए मतदान किया और युवा वर्ग को भी मतदान करने की सशक्त प्रेरणा दी। विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के इस महापर्व में हर वर्ग ने मतदान के माध्यम से देश, समाज के प्रति अपने कर्तव्य का निर्वहन किया। मतदान के दौरान प्रशासन द्वारा पुख्ता प्रबंध किए गए थे। प्रशासन द्वारा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पिंक, मॉडल बूथ मतदाताओं के आकर्षण का केंद्र रहे। इन केंद्रों पर मतदान करने पहुंच रहे मतदाता की गई व्यवस्थाओं की सराहना कर रहे थे और जिला प्रशासन का आभार भी व्यक्त कर रहे थे।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ वीरेंद्र कुमार दहिया ने बताया कि लोकसभा आम चुनाव-2024 के तहत जिला पानीपत में अभी तक 64.9 प्रतिशत मतदान हुआ है। जिला के विधानसभा क्षेत्र इसराना, पानीपत शहरी, पानीपत ग्रामीण तथा समालखा विधानसभा में बनाए गए 876 मतदान केन्द्रों पर मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण सम्पन्न हो गई है। समाचार लिखे जाने तक विधानसभा क्षेत्र इसराना में 66.8 प्रतिशत मतदान, पानीपत शहरी में 61.6 प्रतिशत मतदान,पानीपत ग्रामीण में 65.2 प्रतिशत मतदान तथा समालखा विधानसभा में 66.5 प्रतिशत मतदान हुआ है। उन्होंने यह भी बताया कि पूरे जिला में चुनाव प्रक्रिया लगभग शांतिपूर्ण रही है और मतदान की अंतिम रिपोर्ट आने पर, शीघ्र जारी की जाएगी।

Comments