गर्मी के मौसम में पानी की एक – एक बूंद की कीमत समझे नागरिक: अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. पंकज यादव
-पानी सम्बन्धी समस्या को दूर करने को लेकर प्रशासन कटिबद्ध
-अगर कहीं पानी की समस्या है तो वहां अधिकारी टैंकर भेजना सुनिश्चित करें
BOL PANIPAT, 30 मई। गर्मी के इस मौसम में एक एक बूंद पानी की कीमत है। हमें इसका एहसास होना चाहिए व कम से कम पानी का इस्तेमाल करना चाहिए। पानी को व्यर्थ नहीं गंवाना चाहिए। इसका विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। अगर कहीं पानी सम्बन्धी समस्या है वहां पर पानी की व्यवस्था करना अधिकारी सुनिश्चित करें। यह बात अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. पंकज यादव ने गुरुवार को पब्लिक हेल्थ के अधिकारियों के साथ जिला सचिवालय के सभागार में बैठक करके जरूरी दिशा निर्देश दिए।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि निरंतर बढ़ रही गर्मी के मद्देनजर किसी भी प्रकार की पानी सम्बन्धी समस्या नहीं आनी चाहिए । प्रशासन पानी सम्बन्धी समस्या को दूर करने के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है। सम्बन्धित विभाग पानी की समस्या न हो इसको लेकर पूरी निगरानी बरत रहा है। खास तौर पर जहां पर पानी की समस्या की आशंका है वहां व्यवस्था की जा रही है।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि पब्लिक हेल्थ के अधिकारी जहां पानी की समस्या है वहां जाकर निदान करें। अगर आवश्यकता महसूस कि जा रही है तो पानी के टैंकर भिजवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों से टैंकरों से सम्बन्धित जानकारी भी हासिल की। इस मौके पर पब्लिक हेल्थ के एक्सईएन संजय शर्मा व कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Comments