मैकेनिक सहित दो युवकों का अपहरण कर मारपीट करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार. वारदात में प्रयुक्त कार व बाइक बरामद.
BOL PANIPAT : 21 अगस्त 2024, पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए थाना औद्योगिक सेक्टर 29 पुलिस टीम ने नूरपुर गांव के पास स्थित फैक्ट्री में काम करने वाले मैकेनिक व उसके दोस्त का फैक्ट्री के पास से अपहरण कर मारपीट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को मंगलवार देर शाम गिरफ्तार किया। पकड़े गए तीनों आरोपी यूपी के रहने वाले है। आरोपियों की पहचान पंकज निवासी खेड़ी पटी, शुभम उर्फ टीनू निवासी चौधरान लिसाड व कपिल निवासी भैंसवाल शामली यूपी के रूप में हुई।
थाना औद्योगिक सेक्टर 29 प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि पूछताछ में तीनों आरोपियों ने अपने दो अन्य साथी आरोपियों के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा।
पूछताछ में आरोपी पंकज ने पुलिस को बताया वह फैक्ट्री में ठेकेदारी का काम करता है। कुछ समय पहले पिंटू ने उसके पास काम किया था। बाद में पिंटू ने काम छोड़ दिया और उसी फैक्टरी में मशीन मैकेनिक का काम करने लगा। पिंटू उससे काम के बचे 14500 रूपये मांग रहा था। पैसों को लेकर कई बार कहासुनी भी हुई। 18 अगस्त को फैक्ट्री के सामने शराब ठेके के पीछे बने कमरों के पास उसकी पिंटू के साथ पैसों को लेकर कहासुनी हो गई।
आरोपी ने बताया उसने पिंटू को सबक सिखाने के लिए अपने साले शुभम उर्फ टीनू, दोस्त कपिल व दो अन्य साथी आरोपियों को बुला लिया और सभी ने मिलकर पिंटू, उसके दोस्त भोला व सोकेंद्र के साथ मारपीट कर पिंटू व भोला को जबरदस्ती कार में डालकर यूपी के शामली ले गए जहां दोनों के साथ मारपीट की। इसी दौरान पुलिस कार्रवाई बारे पता चलने पर उन्होंने पिंटू व भोला को शामली में छोड़ दिया था।
सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक कार व एक बाइक बरामद कर पूछताछ के बाद बुधवार को तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से आरोपी शुभम व कपिल को न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया व आरोपी पंकज को — दिन के पुसिल रिमांड पर हासिल किया।
गौरतलब है कि पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह आईपीएस ने जिला पानीपत का कार्यभार संभालने के बाद गत रविवार को कार्यालय के सभागार में सभी थाना प्रबंधक, क्राइम युनिट इंचार्ज व चौकी इंचार्जों की बैठक लेकर सख्त निर्देश दिए थे कि क्षेत्र में अपराध व अपराधियों को किसी भी रूप में पनपने नही दिया जाएगा। इसके लिए हर संभव प्रयास करें।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए थे की जो लोग क्षेत्र में दबंगई करते है उनको चिन्हित कर शीघ्र कानूनी कार्रवाई कर पूरी तरह से नकेल कसी जाए।
यह है मामला
थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में शिव कुमार पुत्र कन्हैया लाल निवासी विजय नगर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह ठेकेदारी का काम करता है। भांजा पिंटू निवासी जडौदा जट सहारनपुर यूपी भी उसके पास रहता है। पिंटू 18 अगस्त को नूरपुर रोड पर काम से गया था।
बाद दौपहर करीब 3:15 बजे शोकिंद्र ने फोन कर सूचना दी की ठेकेदार पंकज, कपिल, मोनू व इनके साथ आए कई अन्य लड़कों ने मिलकर पिंटू व भोला के साथ मारपीट की और दोनों को जबरदस्ती गाड़ी में डालकर अपहरण कर ले गए। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचा और आसपास के लोगों से जानकारी ली। आरोपी उसके भांजे पिंटू व दोस्त भोला के साथ मारपीट कर दोनों को अपहरण कर ले गए।
थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में शिव कुमार की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments