भाजपा सरकार हर वर्ग का विकास कर रही है : हरपाल ढांडा
BOL PANIPAT: 15 सितंबर। पानीपत ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी महिपाल ढांडा के भाई हरपाल ढांडा ने रविवार को मोतीराम कॉलोनी व विद्यानंद कॉलोनी में जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर वर्ग का विकास कर रही है। भाजपा ने महिलाओं के उत्थान के लिए कई योजनाएं बनाई हैं।
हरपाल ढांडा ने कहा कि 2014 से पहले हलके व प्रदेश के हालात बहुत खराब थे, विकास के नाम पर बस खानापूर्ति की जा रही थी, लेकिन इन 10 सालों में हरियाणा बदल गया है। युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं। हरपाल ढांडा ने कहा कि यदि हलके की जनता इस चुनाव में महिपाल ढांडा को विजयी बनाती है तो वह विश्वास दिलवाते हैं हलके में जैसे विकास कार्य चलते आ रहे हैं, उससे भी तेजी से विकास कार्य होंगे। इस बार भाजपा सरकार की प्रदेश में जीत ही हैट्रिक लगने वाली है। हलके की जनता को उनको पूरा समर्थन मिल रहा है। हरपाल ढांडा ने लोगों से अपील की कि वह आने वाली 5 अक्तूबर को कमल के सामने वाला बटन दबाकर भाजपा की विजयी बनाएं। लोगों ने उनको आशीर्वाद दिया और समर्थन देने का वायदा किया। इस मौके पर कॉलोनीवासी व भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Comments