आईटीआई में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर नशा न करने की शपथ दिलाई।
नशा एक सामाजिक बुराई होने के साथ-साथ अपराध की जड़: डीएसपी नरेंद्र सिंह
BOL PANIPAT : 20 जून 2025, नशा मुक्त भारत पखवाड़ा अभियान के तहत पुलिस ने शुक्रवार को मतलौडा आईटीआई में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों की जानकरी देकर जागरूक किया। इस दौरान विद्यार्थियों को जीवन में नशा न करने की शपथ दिलाई।
पुलिस टीम द्वारा विद्यार्थियों को बताया गया कि नशा एक सामाजिक बुराई होने के साथ साथ अपराधों की जड़ है। इसलिए युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा तथा खेलकूद में अपनी बेहतर प्रतिभा का प्रदर्शन कर अपने माता पिता के सपनों को साकार करें और गांव प्रदेश व देश का नाम रोशन करें।
नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं बल्कि पूरे परिवार को बर्बाद करता है। एक बार नशे के दलदल में फंस जाते हैं तो फिर फंसते ही चले जाते हैं। समाज में कई तरह के अपराध तो केवल नशे के कारण होते हैं। कुछ लोग लूट-मार जैसी वारदातों को केवल इसी लिए अंजाम देते हैं ताकि वे नशीले पदार्थों की अपनी जरूरत पूरी कर सकें।
नशा मुक्त अभियान के जिला में नोडल अधिकारी डीएसपी नरेंद्र सिंह ने बताया कि हरियाणा पुलिस द्वारा प्रदेश में 12 से 26 जून तक नशे के खिलाफ नशा मुक्त भारत पखवाड़ा अभियान चलाया गया है। जिला में अभियान के सफल आयोजन के लिए पुलिस अधीक्षक श्री भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने सभी पर्यवेक्षण अधिकारियों, थाना प्रबंधक व चौकी इंचार्जों को विशेष दिशा निर्देश दिए है। पुलिस की टीमों द्वारा प्रतिदिन विभिन्न स्थानों पर क्रार्यक्रम आयोजित कर नशे के दुष्परिणामों व दुष्प्रभाव बारे जानकारी देकर लोगों को जागरुक किया जा रहा है।
डीएसपी नरेंद्र सिंह ने कहा कि विद्यार्थी स्वयं को नशे से दूर रख समाज के अन्य लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। पुलिस प्रशासन द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बढ़ चढ़कर भाग ले ताकि समाज को पूरी तरह से नशा मुक्त किया जा सके।

Comments