नागरिकों की समस्याओं का निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता. अधिकारी गंभीर होकर करे लोगों की शिकायतें का निस्तारण: उपायुक्त डॉ. विरेंद्र कुमार दहिया
-हर समस्या का समाधान अधिकारियो को मन लगा कर करना चाहिए: निगम संयुक्त आयुक्त डॉ संजय
-पुलिस विभाग में आने वाली समस्याओं की जांच के बाद करें करवाई: डीएसपी राजबीर
-शिविर में पुलिस, पेंशन, क्रीड विभाग से जुड़ी 44 समस्याएं पहुंची, उपायुक्त ने दिए समाधान के निर्देश
-हर शुक्रवार को होगी समस्याओं की समीक्षा बैठक
BOL PANIPAT , 28 अगस्त। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह द्वारा जनता के हितों का ध्यान में रखते हुए सप्ताह में 2 दिन आयोजित किए जा रहे जनता समाधान शिविर में गुरूवार को जिला सचिवालय सभागार में जनसुनवाई करते हुए उपायुक्त डॉ. विरेन्द्र कुमार दहिया ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता जनहित है। समाधान शिविर में नागरिकों द्वारा प्रस्तुत की जा रही समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जा रहा है। अधिकारियों को इसमें और तीव्रता से कार्य करने की आवश्यकता है। जनता समाधान शिविर में जो लोग अपनी शिकायतों को लेकर पहुंच रहे हैं उनका प्रशासन के प्रति अटूट विश्वास है। इस पर हमें हर हाल में खरा उतरना है। आम नागरिक की समस्याओं को अपना मानकर उसका समाधान करना है।
उपायुक्त ने सभी विभागों के अधिकारियों को ईमानदारी से डयूटी का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह समाधान शिविर में आने वाली समस्याओं के समाधान को लेकर लगातार मॉनिटरिंग बरत रहे है। इस बड़े कार्यक्रम को लेकर सरकार का एक ही ध्येय है कि किसी भी वर्ग की कोई भी समस्या हो उसका निश्चित समय सीमा में समाधान होना चाहिए। इसी कड़ी में पूरा प्रशासन सप्ताह में दो दिन दो घंटे लोगों की शिकायतों को गम्भीरता से सुनकर उनका समाधान कर रहा है। पूरे प्रशासन का ध्यान लोगों की समस्याओं के निदान पर केन्द्रित है। उपायुक्त ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समाधान शिविर में और रूचि लें व कम से कम समय में ज्यादा से ज्यादा समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करें। उपायुक्त ने बताया कि समाधान शिविर में आने वाली समस्याओं की हर शुक्रवार को समीक्षा की जाती है। अधिकारी इस समीक्षा बैठक में मौजूद रहे व उनके विभाग से सम्बंधित जो भी समस्याएं पैंडिंग है उनका निस्तारण करें।
निगम संयुक्त आयुक्त डॉ संजय ने जनता समाधान शिविर में जनसमस्याओं की सुनवाई करते हुए कहा कि समाधान शिविर में वही लोग शिकायतों को लेकर पहुंच रहे हैं जिनका समाधान अभी तक नहीं हो पाया। आमजन के प्रति प्रशासन का उदारता पूर्ण रवैया है। जो भी नागरिक अपनी समस्याओं को लेकर समाधान शिविर में पहुंच रहा है उसे भरोसा होना चाहिए कि प्रशासन दो घण्टे उनकी समस्याओं के समाधान को दे रहा है।
जिला परिषद सीईओ डॉक्टर किरण ने कहा कि सभी विभागों के अधिकारी इन दो घण्टों में अपने-अपने विभागों की समस्याओं का मंथन, चिंतन करते हैं व उनका यही प्रयास रहता है कि कम से कम समय में आम जन की समस्याओं का समस्याओं का समाधान निकले।
समाधान शिविर में नगराधीश टीनू पोसवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शुक्रवार को होने वाली समीक्षा बैठक में जरूर पहुंचे व अपने विभाग से जुड़ी समस्याओं का निदान करें।
समाधान शिविर में पुलिस विभाग, पैंशन विभाग, क्रीड़ विभाग से जुड़ी 44 शिकायते नागरिकों ने प्रशासन से समक्ष रखी। उपायुक्त ने प्रशासन के अधिकारियों के सहयोग से ज्यादातर का मौके पर समाधान करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने अधिकारियों को बताया कि समाधान शिविर में पिछली समस्याओं का भी साथ-साथ समाधान करें।
डीएसपी राजबीर ने पुलिस विभाग से संबंधित आई शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए कहा कि अधिकारी शिकायतों को समझ कर उसके बाद शिकायतों का निदान करें। प्रार्थी भूपेंद्र ने ब्लाइंड छात्रों को पढ़ाने के लिए सरकारी बिल्डिंग मुहैया कराने की प्रार्थना प्रशासन से की। प्रार्थी फतेह सिंह वासी देसराज कालोनी ने मंदबुद्धि लडक़ी को सरकार की स्कीम के तहत पेंशन दिलवाने के लिए आवेदन किया। प्रार्थी गीता रानी वासी वार्ड 7 ने प्रशासन से राशन कार्ड बनवाने के लिए अनुरोध किया।
प्रार्थी कोमल वासी मखीजा कॉलोनी ने आर्थिक सहायता दिलवाने के लिए प्रशासन से अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि उनका बेटा देवांश की किडनी और दिल का मरीज है। उनकी हालत बहुत ज्यादा खराब है उन्हें इलाज के लिए रोहतक पीजी आई से दिल्ली रेफर किया है। प्रार्थी प्रदीप, गौरव, जोगिंदर, शीशपाल, रोशनी, आशु और अनीश के अलावा दर्जनों नागरिकों ने वार्ड नंबर 2 से डेयरी शिफ्ट करने व गोबर से भारी नालियों की सफाई करवाने के लिए प्रशासन से अनुरोध किया। प्रार्थी सुनीता वासी वार्ड 12 ने नया बिजली का कनेक्शन मंजूर करवाने के लिए प्रशासन से अनुरोध किया।
प्रार्थी धर्मवीर वासी अदियाना ने गन्ना बीज के आग से जलने के बाद प्रशासन से आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने का अनुरोध किया। प्रार्थी सोना देवी वासी बडोली ने पानी की समस्या प्रशासन के समक्ष रखी। प्रार्थी मामन सिंह वासी गुलशन ने अपने बुढ़े पिता की पेंशन बंद करवाने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि उनके पिता की मृत्यु हो चुकी है।
उपायुक्त ने जो शिकायतें विभिन्न लोगों द्वारा प्रशासन के समक्ष रखी उनका समाधान करने का आश्वासन दिया व कई समस्याओं का मौके पर भी समाधान किया। इस मौके पर जिला परिषद सीईओ डॉ. किरण सिंह, नगराधीश टीनू पोसवाल, डीडीपीओ राजेश शर्मा, डीएचओ शार्दुल शंकर, एसडीओ सूबे सिंह, एसडीओ वीरेंद्र दहिया के अलावा विभिन्न विभागों से अधिकारी मौजूद रहे।

Comments