वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी देकर किया जागरूक.
-वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाकर सड़क सुरक्षा को बनाया गया सशक्त
BOL PANIPAT : 21 सितंबर 2025, “सेवा पखवाड़ा” अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के मार्गदर्शन में यातायात उप पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार सैनी ने रविवार को बाबरपुर ट्रैफिक थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर राजेश व उनकी टीम के साथ वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी देकर जागरूक किया। इस दौरान टोल प्लाजा, बस स्टैंड, एनएफएल के सामने फ्लाई ओवर पुल के नीचे वाहन चालकों व आमजन को यातायात नियमों की जानकारी दी गई और उनके पालन का महत्व समझाया गया। इसके साथ ही वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप भी लगाई गई।
उप पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार सैनी ने इस दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों की विस्तार से जानकारी दी और कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी के कारण आए दिन सड़क हादसे घटित हो रहे हैं जिनमें कई बार जान-माल की क्षति भी होती है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण पाने के लिए सिर्फ पुलिस नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी बनती है कि वे नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
उप पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार सैनी ने बताया कि यातायात नियमों का पालन करना न केवल स्वयं की सुरक्षा के लिए जरूरी है, बल्कि दूसरों की सुरक्षा के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। वाहन चलाते समय हेलमेट (दोपहिया वाहन के लिए) और सीट बेल्ट (चौपहिया वाहन के लिए) अवश्य पहनें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं, मोबाइल फोन का प्रयोग वाहन चलाते समय न करें, ट्रैफिक लाइट एवं ट्रैफिक पुलिस के संकेतों का पालन करें इत्यादी यातायात नियमों का पालन करें।
नागरिकों से की सहयोग की अपील
उप पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार सैनी ने इस दौरान आमजन से अपील की कि वह यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें और जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें। उन्होंने कहा कि सड़क पर एक छोटी सी लापरवाही किसी की जिंदगी छीन सकती है, इसलिए सतर्क रहें और यातायात के नियमों का सख्ती से पालन करें।
इस मौके पर उपस्थित नागरिकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और भविष्य में यातायात नियमों के पालन का संकल्प लिया।

Comments