डाहर गांव में मेरा युवा भारत पानीपत द्वारा खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का किया गया सफल आयोजन
BOL PANIPAT, 6 अक्टूबर। मेरा युवा भारत पानीपत युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा इसराना ब्लॉक के डाहर गांव स्थित महाराजा सूरजमल स्टेडियम में खंड स्तरीय खेल कूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में समूह एवं एकल दोनों वर्गों के खेलों का आयोजन किया गया। जिसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में मुख्यअतिथि के रूप में गांव डाहर के सरपंच मोनू नांदल एवं नंबरदार जोगिंदर उपस्थित रहे।
सरपंच मोनू नांदल ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को न केवल मंच प्रदान करते हैं बल्कि उनके व्यक्तित्व विकास में भी अहम भूमिका निभाते हैं। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के एनवाईसी सार्थक कुमार ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। मैदान में मिली सीख जीवन की हर परीक्षा में काम आती है। अनुशासन और मेहनत ही सफलता की असली कुंजी हैं।
प्रतियोगिताओं में दौड़ 400 मीटर पुरुष वर्ग में प्रथम अंशुल, द्वितीय आकाश, तृतीय सावन। दौड़ 400 मीटर महिला वर्ग में प्रथम मुस्कान, द्वितीय प्रीति, तृतीय रिया रही तथा लंबी कूद पुरुष वर्ग में प्रथम रितेश, द्वितीय वंश, तृतीय अनुज रहा। लंबी कूद महिला वर्ग में प्रथम इशिका द्वितीय खुशी तृतीय अंजलि रही। महिला वर्ग कबड्डी में टीम खुशी, रसाकशी पुरुष वर्ग में टीम अंशुल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। लेखाकार एवं कार्यक्रम सहायक मोहित राठी ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि खेल हमें टीम भावना और निरंतर मेहनत का महत्व सिखाते हैं। इस अवसर पर कोच जसबीर नरेंद्र अमन और पवन नांदल मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Comments