दीनदयाल उपाध्याय लाडो लक्ष्मी योजना बेटियों के सशक्तिकरण की दिशा में सरकार की एक ऐतिहासिक पहल: उपायुक्त डॉक्टर वीरेन्द्र कुमार दहिया
-लाडो लक्ष्मी योजना को लेकर हरियाणा सरकार सक्रिय, गांव-गांव पहुंचेगी योजना का लाभ
-सभी एसडीएम की लगाई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
-मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी एवं चीफ प्रिंसिपल सेक्रेटरी राजेश खुल्लर ने संयुक्त वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से जानी योजना की स्थिति
BOL PANIPAT , 24 अक्टूबर। हरियाणा सरकार की महत्वाकांक्षी दीनदयाल उपाध्याय लाडो लक्ष्मी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर राज्य सरकार ने कमर कस ली है। शुक्रवार को मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी एवं मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर ने संयुक्त वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला उपायुक्तों के साथ वर्चुअल बैठक कर योजना की प्रगति की समीक्षा की और इसे जल्द से जल्द धरातल पर उतारने के निर्देश दिए।
वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे गांव-गांव जाकर पात्र लाभार्थियों से फार्म भरवाएं और योजना के लाभों की विस्तृत जानकारी दें।
बैठक के बाद उपायुक्त डॉ. विरेंद्र कुमार दहिया ने जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय लाडो लक्ष्मी योजना बेटियों के सशक्तिकरण की दिशा में सरकार की एक ऐतिहासिक पहल है। हमारा लक्ष्य है कि जिले की हर पात्र बेटी तक इस योजना का लाभ समय पर पहुंचे।
डीसी दहिया ने आगे कहा कि इसके लिए प्रशासनिक अमला पूरी निष्ठा और तत्परता से कार्य करेगा। उन्होंने सभी एसडीएम को विशेष रूप से निर्देश दिए कि वे इस योजना को प्राथमिकता पर लेते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक अभियान चलाएं। इस अवसर पर एसडीएम मनदीप सिंह, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप नैन, डॉ. सोमपाल सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Comments