बैंक प्रतिनिधि पेंडेंसी को जल्द से जल्द निपटाये अन्यथा संबंधित बैंकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी: उपायुक्त डॉक्टर विरेंदर कुमार दहिया
-बैंकों की पेंडेंसी पर सख्त हुए उपायुक्त, बैठक में गैरहाजिर बैंकों पर कार्रवाई के निर्देश, ब्लैकलिस्ट की भी बढ़ी संभावना
BOL PANIPAT, 30 सितंबर। जिला सचिवालय सभागार में मंगलवार को उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया की अध्यक्षता में बैंकों के साथ अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जिले में विभिन्न योजनाओं और लाभार्थियों से जुड़े मामलों में बैंकों की पेंडेंसी की समीक्षा करना था।
उपायुक्त ने इस बैठक में सभी बैंकों की कार्यप्रणाली पर पैनी नजर डाली और पेंडेंसी के मामलों को गंभीरता से लेते हुए बैंकों को सख्त चेतावनी दी। बैठक के दौरान उपायुक्त ने एक-एक करके सभी बैंकों की पेंडेंसी की जानकारी ली और देरी के कारणों को समझने का प्रयास किया। उन्होंने बैंकों के प्रतिनिधियों से स्पष्ट शब्दों में कहा कि पेंडेंसी को जल्द से जल्द निपटाया जाए अन्यथा संबंधित बैंकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी बैंक द्वारा लापरवाही बरती जाती है, तो उसे भविष्य में ब्लैकलिस्ट किया जा सकता है, उसका लेनदेन बंद किया जा सकता है। जिसकी जिम्मेदारी उस बैंक की स्वयं होगी।
उपायुक्त ने जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक (एलडीएम) को भी निर्देश दिए कि वे ऐसे बैंक प्रतिनिधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाएं, जो बैठक में बार-बार गैरहाजिर रहते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रतिनिधियों के उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा जाए और उन्हें सूचित किया जाए कि संबंधित कर्मचारी अपने कार्य के प्रति गंभीर नहीं हैं, इसलिए उनका स्थानांतरण किया जाए।
डॉ. दहिया ने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ जनता तक समय पर पहुंचे, इसके लिए बैंकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि बैंक ही समय पर कार्य नहीं करेंगे, तो योजनाओं की सफलता पर प्रश्नचिन्ह लग सकता है। उन्होंने बैंकों से अपेक्षा की कि वे जनहित में कार्य करें और सरकारी योजनाओं को गंभीरता से लें।
बैठक में उपायुक्त ने एलडीएम को निर्देश दिए कि वे अलग से सभी बैंकों के साथ एक विशेष बैठक आयोजित करें, जिसमें पेंडेंसी के मामलों की गहराई से समीक्षा हो और समाधान के लिए त्वरित रणनीति तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह सजग है और योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर दो दर्जन से ज्यादा बैंकों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Comments