चार दिवसीय प्रदर्शनी “कहानियों से संस्कार: राम कृष्ण कथा संगम” का भव्य आयोजन किया गया।
BOL PANIPAT : इनरव्हील क्लब पानीपत मिडटाउन द्वारा बाल विकास प्रोग्रेसिव स्कूल के सहयोग से 28 से 31 अक्टूबर 2025 तक चार दिवसीय प्रदर्शनी “कहानियों से संस्कार: राम कृष्ण कथा संगम” का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय महापौर कोमल सैनी ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस अवसर पर सुश्री रजनी गुप्ता, जिला संरक्षण अधिकारी-cum-बाल विवाह निषेध अधिकारी (महिला थाना पानीपत एवं सोनीपत अतिरिक्त प्रभार) तथा एडवोकेट पद्मा रानी, पूर्व अध्यक्ष बाल कल्याण समिति पानीपत, विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
इस आयोजन पर क्लब की अध्यक्ष रूपाली चोपड़ा ने बताया कि इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य पारंपरिक मिट्टी कला को संरक्षित करते हुए भारतीय संस्कृति, आदर्शों और नैतिक मूल्यों को बच्चों और समाज तक पहुँचाना है। इसके साथ ही आधुनिक पीढ़ी को हमारी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना इस पहल का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
इस प्रदर्शनी के माध्यम से प्रयागराज की पारंपरिक मिट्टी कला को पुनर्जीवित किया गया, जिसमें रामायण और कृष्ण लीला की प्रेरणादायक कथाओं को आकर्षक कलात्मक रूप में प्रस्तुत किया गया। साथ ही, इस आयोजन से प्राप्त आय का एक हिस्सा सामाजिक कल्याण एवं जनसेवा कार्यों में समर्पित किया जाएगा।इस कार्यक्रम में सदस्याएँ नीतु छाबड़ा, स्वाति गोयल, ज्योति राहेजा और अंजू चौहान का सक्रिय योगदान रहा।
स्कूल की चेयरपर्सन वसुंधरा नाथ, सलाहकार रविंदर सोढ़ी, प्रिंसिपल अनुपमा शाह और वाइस-प्रिंसिपल संगीता शर्मा ने इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, कला और नैतिक मूल्यों के प्रति गहरा जुड़ाव उत्पन्न करते हैं।
प्रदर्शनी के दौरान विद्यार्थियों और आगंतुकों ने भारतीय कला, संस्कृति और लोक परंपराओं की जीवंत झलक का आनंद उठाया व इस प्रयास की भरपूर सराहना की।
यह जानकारी क्लब संपादिका श्वेता मिगलानी ने दी |

Comments