“हर बच्चे के अधिकारों की रक्षा हमारी सामूहिक जिम्मेदारी” : राज्य बाल अधिकार आयोग के सदस्य अनिल लाठर
-बाल अधिकारों की सुरक्षा को लेकर विभाग हो एकजुट
BOL PANIPAT, 29 अक्टूबर। हरियाणा राज्य बाल अधिकार एवं संरक्षण आयोग के सदस्य अनिल लाठर व पुलिस उप अधीक्षक(मुख्यालय) सतीश वत्स की अध्यक्षता में बुधवार को जिला सचिवालय में बाल संरक्षण से संबंधित विभागों की समन्वय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में श्रम विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, बाल संरक्षण इकाई, बाल कल्याण समिति तथा जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य बाल अधिकारों की सुरक्षा, बाल श्रम, बाल विवाह, शिक्षा से वंचित बच्चों की पहचान एवं पुनर्वास, तथा बाल संरक्षण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करना रहा।
हरियाणा राज्य बाल अधिकार एवं संरक्षण आयोग के सदस्य अनिल लाठर ने कहा कि बच्चों के अधिकारों की रक्षा करना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग बच्चों से जुड़े मुद्दों पर संवेदनशीलता के साथ कार्य करे और यह सुनिश्चित करे कि किसी भी बच्चे के अधिकारों का उल्लंघन न हो।
उन्होंने कहा कि “विभागों के बीच बेहतर समन्वय से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास और सुरक्षा संभव है।
बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि सभी विभाग नियमित रूप से आपसी समन्वय बनाए रखेंगे और अपनी प्रगति रिपोर्ट आयोग को प्रस्तुत करेंगे, ताकि बच्चों से संबंधित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर
बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष केदारनाथ, जिला जिला कार्यक्रम अधिकारी परमिंदर कौर, बाल संरक्षण अधिकारी निधि गुप्ता, सदस्य सोमवती, जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के प्रतिनिधि, जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा के अलावा बाल देखरेख केंद्रों के इंचार्ज उपस्थित रहे।

Comments