Monday, May 18, 2026
Newspaper and Magzine


गीता महोत्सव में विश्व एड्स दिवस पर रेडक्रॉस का गूंजा जागरूकता संदेश

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at December 1, 2025 Tags: , , , , , ,

-गीता जयंती महोत्सव का भव्य समापन, अगले वर्ष फिर लौटने के संकल्प के साथ हुई विदाई

-ज्ञान, संस्कृति और जागरूकता से सराबोर रहा गीता महोत्सव

-स्टॉलों की रौनक और गीता संदेश के बीच पूरा हुआ तीन दिवसीय उत्सव, जश्न में उमड़ा जनसैलाब

-स्वदेशी उत्पादों, सरकारी योजनाओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा महोत्सव, लोगों ने ली फिर दोबारा आने की प्रतिज्ञा

-युवाओं की जागरूकता से लेकर किसानों की सीख तक,गीता महोत्सव ने छोड़ी अमिट छाप

BOL PANIPAT , 1 दिसंबर। आध्यात्मिकता, जागरूकता और स्वदेशी भावना से सराबोर जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव सोमवार को गीता के आदर्शों को जीवन में अपनाने के संकल्प के साथ समाप्त हुआ। आर्य महाविद्यालय प्रांगण में आयोजित इस तीन दिवसीय उत्सव ने न केवल लोगों को ज्ञान और संस्कृति से जोड़ा, बल्कि विभिन्न विभागों के प्रेरक स्टॉलों ने समाजिक जागरूकता को नई दिशा दी। महोत्सव में लगे विभागीय स्टॉलों ने जहाँ गीता के संदेश को आम लोगों तक पहुँचाया, वहीं स्वदेशी उत्पादों की खरीद ने कार्यक्रम को और भी सफल बनाया।

मेयर कोमल सैनी ने सभी स्टॉलों का अवलोकन किया और कहा कि आमजन को इन स्टॉलों से वास्तविक लाभ मिला है। उन्होंने उत्पादों और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी गहराई से ली। रेडक्रॉस द्वारा लगाए गए स्टॉल पर प्रोजेक्ट मैनेजर सुदेश और उनकी टीम कला देवी, सोनिया, हरमेश तथा विनोद कुमार ने विश्व एड्स दिवस के अवसर पर युवाओं को एचआईवी/एड्स से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। सुदेश ने कहा की एड्स से बचाव का सबसे बड़ा उपाय है जागरूकता। सुरक्षित व्यवहार, समय पर जांच और भ्रांतियों को दूर करना ही हमें इस बीमारी से सुरक्षित रख सकता है। उनके संदेश ने युवाओं को एड्स के प्रति सजग और संवेदनशील बनाया।

  हैफेड स्टॉल पर कश्मीर और नीलम ने बताया कि तीन दिनों में 20 हजार रुपये से अधिक के स्वदेशी उत्पाद बिके। आयुष विभाग के स्टॉल पर 181 से अधिक लोगों ने कोलेस्ट्रॉल, जोड़ों के दर्द और गैस आदि की निशुल्क जांच करवाई। ऋषिकुल पट्टीकलियाणा केंद्र की डॉ सुनील वर्मा और डॉक्टर चेष्टा ने आयुर्वेद और नेचुरोपैथी के लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तीन दिनों में 200 से अधिक लोगों ने इससे लाभ लिया।कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के स्टॉल पर एसडीओ देवेंद्र कुहाड़, एईओ शमशेर मलिक और बिजेंद्र जागलान ने किसानों को राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं से अवगत कराया।

एसडीओ देवेंद्र कुहाड़ ने कहा कि किसान-मित्र योजनाएं तभी सफल होती हैं जब किसान पूरी जानकारी लेकर उन्हें अपने खेतों में लागू करें। हमारा उद्देश्य है कि हर किसान आधुनिक तकनीक और सब्सिडी योजनाओं का लाभ उठाए, ताकि उसकी आय दोगुनी हो सके।  महोत्सव का विशेष आकर्षण रहे विभिन्न स्कूलों के बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम, जिनमें गीता संदेश को संगीत और मंचीय रूपांतरण के माध्यम से खूबसूरती से प्रस्तुत किया गया। दर्शक देर तक इन प्रस्तुतियों में डूबे रहे।

  जिला संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी रजनी गुप्ता ने बच्चों और उपस्थित जनों को बाल विवाह रोकने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि बाल विवाह न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह मानवता के भी विरुद्ध है। इसकी रोकथाम में हर नागरिक की सक्रिय भूमिका आवश्यक है। पूरे महोत्सव को एलईडी स्क्रीन पर लाइव प्रसारण के माध्यम से लोगों तक पहुँचाया गया, जिससे कार्यक्रम का आकर्षण और भव्यता कई गुना बढ़ गई।

  सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की टीम की सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी गीता संदेश को प्रभावी तरीके से प्रसारित करने में सफल रहीं। सेल्फी प्वाइंट भी आगंतुकों के लिए खास आकर्षण रहा।

Comments