आर्य कॉलेज की महिला वॉलीवाल टीम ने नॉर्थ ज़ोन इंटर-यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में जीता रजत पदक
– खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व का विकास करते हैं: वीरेंद्र शिंगला
BOL PANIPAT , मंगलवार 16 दिसंबर 2025:
आर्य पीजी कॉलेज की महिला वालीबॉल खिलाडिय़ों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 10 से 14 दिसंबर को इंटीग्रल यूनिवर्सिटी, लखनऊ द्वारा आयोजित महिला नॉर्थ ज़ोन इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर कॉलेज एवं कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया।
महाविद्यालय प्रबंधन समिति के उप-प्रधान वीरेंद्र शिंगला व प्राचार्य प्रो. (डॉ.) जगदीश गुप्ता ने सभी विजेता खिलाड़ियों का कॉलेज प्रांगण में पहुंचने पर बधाई दी व उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्राचार्य प्रो. (डॉ.) गुप्ता ने इस जीत का श्रेय शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश टूर्ण सहित अन्य स्टाफ सदस्यों को दिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्रबंधन समिति के उप-प्रधान वीरेंद्र शिंगला ने अपने सम्बोधन में कहा कि आर्य कॉलेज के विद्यार्थी न केवल शिक्षा के क्षेत्र में बल्कि खेलकूद के मैदान में भी अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय रहना चाहिए क्योंकि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व जैसी गुणों का विकास करते हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. जगदीश गुप्ता ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अकादमिक ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होना चाहिए। खेलों से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि जीवन में आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व के गुण भी विकसित होते हैं। खेल हमें हार-जीत दोनों परिस्थितियों में धैर्य और संतुलन सिखाते हैं।
उन्होंने बताया कि 10 से 14 दिसंबर को इंटीग्रल यूनिवर्सिटी, लखनऊ द्वारा महिला नॉर्थ ज़ोन इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमे महाविद्यालय की महिला खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में महिला वालीबॉल टीम की कप्तान तन्नू राठी, प्रेरणा रावल, श्यामभवि, नाज़िया, ज्योति व आरती ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने शानदार प्रदर्शन की बदोलत विश्वविद्यालय को रजत पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
उन्होंने बताया कि महाविद्यालय की महिला खिलाड़ियों ने पहले मैच में सीबीएलयू भिवानी को 3-0 से, दूसरे मैच में एमडीयू रोहतक को 3-1 से तथा तीसरे संघर्षपूर्ण मैच में टीम ने चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी को 3-2 से पराजित कर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कोच राजेश मेहला व महाविद्यालय के वॉलेबाल टीम के कोच डॉ. राजेश टूर्ण के सुकुशल मार्गदर्शन में रजत पदक हासिल किया। ज्यादा जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि महिला वॉलेबाल खिलाड़ियों की टीम आने वाली 18 दिसंबर को एसआरएम यूनिवर्सिटी, चेन्नई में आयोजित होने वाली ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी के लिए रवाना होगी।
इस अवसर पर महाविद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा विजेता खिलाड़ियों को ₹1100 की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया।
इसी के साथ-साथ उन्होनें यह भी बताया कि महाविद्यालय के चार खिलाड़ी अंकुर, योगेश, मंजीत व रजनीश ने 9 से 12 दिसंबर तक सेंट्रल यूनिवर्सिटी, महेंद्रगढ़ में आयोजित हुई नॉर्थ ज़ोन इंटर यूनिवर्सिटी मेल चैंपियनशिप में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. विजय, शारीरिक विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश टूर्ण, कोच राजेंद्र देशवाल, अनूप गुलिया, सुनील पहल, प्राध्यापिका रजनी सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

Comments