Thursday, June 4, 2026
Newspaper and Magzine


पीआरपीसी के पानीपत रिफाइनरी में ऑनसाइट आपदा ड्रिल का अभ्यास सफलतापूर्वक सम्पन्न

By LALIT SHARMA , in Business , at December 19, 2025 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT :- 19 दिसम्बर, 2025 : पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्पलेक्स (पीआरपीसी) द्वारा 19 दिसम्बर, 2025 को पानीपत रिफाइनरी संयंत्र में विभिन्न विभागों की भागीदारी के साथ हाइड्रोकार्बन गैस के खतरे एवं आग से निपटने की तैयारियों का आकलन करने हेतु एक ऑनसाइट आपदा ड्रिल आयोजित की गई।
ड्रिल के परिदृश्य में एवीयू-1 यूनिट के वायुमंडलीय रिफ्लक्स ड्रम 03-V-02 के आउटलेट फ्लेंज से हाइड्रोकार्बन गैस के रिसाव एवं आग की स्थिति दर्शाई गई। दिन के 11:03 बजे गैस रिसाव की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन से दमकल गाड़ियाँ घटना स्थल पर पहुँचीं और ज्वलनशील पदार्थ के रिसाव पर नियंत्रण हेतु फायर मॉनिटर और वॉटर कर्टन के माध्यम से आपातकालीन कार्यवाही प्रारंभ की गई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 11:12 बजे सायरन (L-1) बजाया गया। तत्पश्चात 11:22 बजे, गैस के तीव्र प्रसार और आग लगने की स्थिति में, श्री रितेश थपलियाल, मुख्य महाप्रबंधक (पी एंड यू -इंस्ट्रुमेंटेशन), ने एम. एल. डहरिया, कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख, पीआरपीसी से चर्चा कर इस घटना को L-2 आपदा घोषित कर दिया।

एम. एल. डहरिया ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थिति का आकलन किया और लगभग एक घंटे के अथक प्रयासों के बाद 12:00 बजे स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण प्राप्त कर सामान्य होने की घोषणा की।
इस आपदा ड्रिल के बाद समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। इस बैठक में आपातकालीन तैयारी योजना में और सुधार के लिए आपातकालीन समन्वयकों द्वारा दी गई रिपोर्ट की समीक्षा एम. एल. डहरिया तथा संबन्धित वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में की गई। एम. एल. डहरिया ने इस मॉक ड्रिल के सफल आयोजन के लिए सभी की सराहना करते हुए इसमें और अधिक सुधार लाने के लिए अपने मूल्यवान सुधारात्मक सुझाव भी साझा किए।

Comments