Saturday, April 18, 2026
Newspaper and Magzine


डॉ. वी. मोहिनी गिरी की दूसरी पुण्यतिथि पर पानीपत में स्मृति सभा आयोजित.

By LALIT SHARMA , in SOCIAL , at December 20, 2025 Tags: , , , ,

BOL PANIPAT , 19 दिसंबर 2025: राष्ट्रीय महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष एवं प्रख्यात समाजसेविका, पद्म विभूषण डॉ. वी. मोहिनी गिरी की दूसरी पुण्यतिथि पर निर्मला देशपांडे संस्थान में एक भावपूर्ण स्मृति सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा एवं भजन कार्यक्रम हुए, जिसमें संस्था से जुड़े सदस्यों एवं स्थानीय लोगों ने भाग लिया।

माता सीता रानी सेवा संस्था की संरक्षिका रहीं डॉ. मोहिनी गिरी का नेतृत्व में संस्था ने हरियाणा में पहली दो महिला पारिवारिक अदालतों का आयोजन किया था। इसके अलावा उन्होंने कश्मीर, झारखंड एवं महाराष्ट्र जैसे अशांत क्षेत्रों में महिलाओं के अधिकारों एवं शांति स्थापना के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए।

संस्था की महासचिव पूजा सैनी ने स्मृति सभा को संबोधित करते हुए डॉ. गिरी के योगदानों को याद किया। उन्होंने बताया कि डॉ. गिरी गांधीवादी नेता दीदी निर्मला देशपांडे की अनन्य सहयोगी एवं मित्र थीं। दोनों ने मिलकर सईदा हमीद के साथ ‘विमेंस इनिशिएटिव फॉर पीस इन साउथ एशिया’ की स्थापना की, जिसने दक्षिण एशिया में शांति एवं जनता के बीच मैत्री भाव को बढ़ावा दिया।

डॉ. गिरी ने गिल्ड ऑफ सर्विस की स्थापना की तथा सैनिकों की विधवाओं के लिए अलग संगठन बनाकर उनके पुनर्वास एवं समर्थन का कार्य किया। वे संस्था द्वारा आयोजित कई कार्यक्रमों में पानीपत आती रही थीं।इस अवसर पर श्रीमती मधु यादव रोज़ी चावला सोनिया गर्ग आरती दूबे आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे ।

स्मृति सभा में उपस्थित लोगों ने डॉ. वी. मोहिनी गिरी को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उनका जीवन महिलाओं के सशक्तिकरण, विधवाओं के अधिकारों एवं क्षेत्रीय शांति के लिए समर्पित रहा, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत बना रहेगा।

Comments