Monday, September 21, 2026
Newspaper and Magzine


साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराने व खातों से नकदी निकालकर देने वाले नाइजीरियन सहित दो आरोपी गिरफ्तार.

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at January 2, 2026 Tags: , , , , ,

टीडीआई सेक्टर 23 निवासी एक व्यक्ति से सामान एक्सपोर्ट का बिजनेस शुरू करने के नाम पर ठगों ने 4 लाख 5 हजार की ठगी की थी.

24 एटीएम कार्ड, 13 पासबुक, 17 चेकबुक, 16 मोबाइल फोन, 2 आधार कार्ड, 2 डायरी, 1 लैपटॉप व 6 हजार रुपए की नकदी बरामद

BOL PANIPAT , 02 फरवरी : पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के नेतृत्व में थाना साइबर क्राइम प्रभारी सब इंस्पेक्टर अजय की टीम ने साइबर ठगों को बैंक खाते व नकदी निकालकर देने वाले नाइजीरियन सहित दो आरोपियों को दिल्ली से काबू करने में बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर ठगों ने पानीपत के टीडीआई सेक्टर 23 निवासी प्रेम कुमार से सामान एक्पोर्ट का बिजनेश शुरू कराने के नाम पर 4 लाख 5 हजार की ठगी की थी। थाना साइबर क्राइम में प्रेम कुमार की शिकायत पर अभियोग दर्ज है। दोनों आरोपियों के कब्जे से विभिन्न बैंकों के 24 एटीएम कार्ड, 13 पासबुक, 17 चेकबुक, 16 मोबाइल फोन, 2 आधार कार्ड, 2 डायरी, 1 लैपटॉप व 6 हजार रुपए की नकदी बरामद हुई है।थाना साइबर क्राइम प्रभारी सब इंस्पेक्टर अजय ने बताया कि थाना साइबर क्राइम में नवंबर 2024 में टीडीआई सेक्टर 23 निवासी प्रेम कुमार ने पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि 4 नवंबर को उसके मोबाइल पर 12 डिजिट के एक अज्ञात मोबाइल नंबर से कॉल आई। बात कर रहे युवक ने उसको कोलानट नाम के प्रोडक्ट के बारे में बिजनेस करने की बात की। कोलानट भारत से इंग्लैंड में एक्सपोर्ट करने के लिए बोला गया। इसके सैंपल के लिए एक मोबाइल नंबर देकर बात करने के लिए कहा गया। उसने उक्त मोबाइल नंबर पर कॉल की जिसने अपना नाम मिसेज टांग्सा बताया। जिसने सैंपल के लिए एडवांस में पैसे जमा करवाने के लिए एक खाता नंबर दिया। उसने 6 नवंबर को उक्त खाते में 4 लाख 5 हजार रुपए डाल दिए। इसके बाद उन्होंने सभी मोबाइल नंबर बंद कर लिए। आरोपियों ने प्रोडक्ट एक्सपोर्ट बिजनेस का झांसा देकर उससे उक्त नकदी ठगी कर ली। थाना साइबर क्राइम में प्रेम कुमार की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी। प्रभारी सब इंस्पेक्टर अजय ने बताया कि थाना साइबर क्राइम की टीम ने विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर छानबीन करते हुए बीते वीरवार को उक्त ठग गिरोह के दो आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की। आरोपियों की पहचान अजाब हुसैन पुत्र मजिबुल्लाह निवासी डुहवा बस्ती बिहार हाल दिल्ली व मोसा बाबा निवासी पश्चिम अफ्रीका हाल तिलक नगर दिल्ली के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों से खुलासा हुआ आरोपी अजाब हुसैन साइबर ठगों को फर्जी बैंक खातें उपलब्ध कराता था। आरोपी अजाब यूपी निवासी अपने एक दोस्त से 10 हजार में बैंक खाते की पूरी किट खरीदकर ठगों को 20 हजार में देता था। आरोपी ने अब तक करीब 90 लोगों के बैंक खाते ठगों को उपलब्ध कराने बारे स्वीकारा।
आरोपी मौसा बाबा का काम उक्त खातों से पैसे निकालकर ठगों को देना था। इसके लिए उसे खाते में आई ठगी की राशि में से 25 प्रतिशत हिस्सा मिलता था। आरोपी ने टीडीआई सेक्टर 23 निवासी प्रेम कुमार से ठगी गई 4 लाख की नकदी को खाते से निकालकर 1 लाख रूपए अपने पास रखकर 3 लाख रूपए आगे ठगों को पकड़ा दिए थे।
प्रभारी सब इंस्पेक्टर अजय ने बताया कि आरोपियों ने अपने हिस्से में आई ठगी की नकदी में से ज्यादातर पैसे खर्च कर दिए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 24 एटीएम कार्ड, 13 पासबुक, 17 चेकबुक, 16 मोबाइल फोन, 2 आधार कार्ड, 2 डायरी, 1 लैपटॉप व बची 6 हजार रुपए की नकदी बरामद कर वीरवार को 3 दिन की रिमांड अवधि पूरी होने पर दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।

Comments