खेलों को बढ़ावा देने के लिए हर स्तर पर खिलाडिय़ों को मिलें बेहतर अवसर – कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार
एमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन हरियाणा की बैठक में खेल गतिविधियों को विस्तार देने पर मंथन
कबड्डी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए पदाधिकारियों ने बनाई रणनीति
दिसंबर में होगा एसोसिएशन की प्रबंधक समिति का त्रिवार्षिक चुनाव
BOL PANIPAT , 20 सितंबर। मडलौडा स्थित पंचायत एवं खनन मंत्री एवं एमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन हरियाणा के अध्यक्ष कृष्ण लाल पंवार के कार्यालय में रविवार को एसोसिएशन की गवर्निंग बॉडी की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष कृष्ण लाल पंवार ने की। इसमें एसोसिएशन के विभिन्न पदाधिकारियों एवं जिलों से पहुंचे सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने, खिलाडिय़ों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा एसोसिएशन की आगामी गतिविधियों को लेकर सकारात्मक एवं विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में पंचायत एवं खनन मंत्री तथा एमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन हरियाणा के अध्यक्ष कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं, जिन्हें उचित मंच और बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने की आवश्यकता है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम भी हैं। प्रदेश में कबड्डी सहित सभी खेलों को बढ़ावा देने के लिए मिलकर निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि खिलाडिय़ों को बेहतर प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अवसर और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध करवाना एसोसिएशन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास करें, ताकि हरियाणा के खिलाड़ी राष्टï्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।
बैठक में एसोसिएशन की पिछली बैठक की कार्यवाही रिपोर्ट की पुष्टि की गई। इसके अलावा एसोसिएशन के रिकॉर्ड के अनुसार प्रबंधक समिति के वर्ष 2026-2029 के लिए प्रस्तावित त्रिवार्षिक चुनाव को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में बताया गया कि प्रबंधक समिति का चुनाव दिसंबर माह में होना प्रस्तावित है। प्रबंधक समिति के चुनाव को सुचारु एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए चुनाव अधिकारी और सहायक चुनाव अधिकारी की नियुक्ति पर भी चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि दोनों पदों के लिए सहमति पत्र प्राप्त हो चुके हैं। इसके साथ ही एसोसिएशन के सामान्य निकाय के सदस्यों की सूची तैयार किए जाने तथा इसके प्रकाशन को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में एथलीट खेल आयोग में दो खिलाडिय़ों के नाम भेजने के विषय पर भी चर्चा हुई। इसके लिए उत्कृष्ट सेवा देने वाले खिलाडिय़ों के नाम प्राप्त कर लिए गए हैं। उपलब्ध सूची में से दो खिलाडिय़ों के नाम आयोग को भेजने पर पदाधिकारियों ने विचार किया।
बैठक में महासचिव नसीब जांगू, सहसचिव कुलदीप सिंह, कोषाध्यक्ष अनिल राठी, उपप्रधान धीरेन्द्र मलिक, संगीता, श्वेता, अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी एवं पंचकूला के सचिव राजेश नरवाल, परमजीत दलाल, विकास चहल, विनोद कुमार सहित विभिन्न जिलों से पहुंचे सदस्य मौजूद रहे। सोसाइटी सलाहकार सुरेंद्र जांगरा, जितेंद्र सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी बैठक में भाग लिया।

Comments