विश्व हिंदी दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय निबंध-लेखन प्रतियोगिता का हुआ आयोजन।
BOL PANIPAT : आर्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय पानीपत के हिंदी विभाग द्वारा संचालित ‘हिंदी साहित्य परिषद’ एवं कानूनी प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय स्तर पर ऑनलाइन निबंध-लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता में महाराष्ट्र, गुजरात, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली आदि प्रदेशों के अनेक महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों के भिन्न-भिन्न संकायों से संबंधित स्नातक और स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़ कर सहभागिता की। निबंध-लेखन प्रतियोगिता के लिए ‘एक देश एक चुनाव’, ‘सूचना का अधिकार’, ‘विकसित भारत 2047: महिलाओं की भूमिका’, ‘डिजिटल अपराधों पर कानूनी जागरूकता’, ‘निःशुल्क कानूनी सहायता’, ‘मानवाधिकार और कृत्रिम बुद्धिमत्ता’ इत्यादि विषय निश्चित किए गए। विद्यार्थियों ने निबंध-लेखन प्रतियोगिता में विषयों पर गंभीरतापूर्वक अपने मौलिक विचार प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने एक देश एक चुनाव विषय के अंतर्गत पूरे देश में लोक सभा और राज्य विधान सभा के चुनाव एक ही समय पर निश्चित करने पर बल दिया जिससे उनके अनुसार देश में आर्थिक लाभ, शासन में स्थिरता एवं निष्पक्षता बनी रहे। आज डिजिटल युग में सूचनाओं को ऑनलाइन पोर्टल,मोबाइल एप एवं ई-गवर्नेस से सूचनाएं प्राप्त करना आसान हो गया है। जिसके साथ डिजिटल अपराधों के बढ़ते प्रकोप में आम जनता आए दिन ऑनलाइन धोखाधड़ी की शिकार हो रही है। इसके समाधान रूप में प्रतिभागियों ने निःशुल्क कानूनी सहायता से अवगत करवा कर आम जनता को सतर्क करने बारे विचार प्रस्तुत किए हैं। विकसित भारत में महिलाओं की भूमिका हर क्षेत्र में अग्रणी रही है। ‘आत्म भारत’ के संकल्प में नारी स्टार्टअप, कृषि हस्त शिल्प, सेवा क्षेत्र, ई-कॉमर्स एवं सरकार की योजनाओं को अपनाते हुए नए आयाम स्थापित करने बारे बताया गया। प्रत्येक विद्यार्थी ने निबंध के विषय की गहनता एवं मौलिकता पर विचार करते हुए निर्धारित नियमावली के अनुरूप ऑनलाइन निबंध प्रस्तुत किए। इस प्रतियोगिता में प्रत्येक विद्यार्थी के निबंध को सूक्ष्म दृष्टि से निरीक्षण किया गया। ऑनलाइन राष्ट्रीय निबंध प्रतियोगिता का परिणाम 10 जनवरी को विश्व हिंदी दिवस के शुभावसर पर घोषित किया गया है। प्रतियोगिता परिणाम इस प्रकार रहे – प्रथम पुरस्कार सृष्टि, बी.ए.तृतीय वर्ष एस.डी.कॉलेज अंबाला छावनी, द्वितीय पुरस्कार आस्था,बी.एड.द्वितीय वर्ष, के.एम.कॉलेज.ऑफ.एजुकेशनभिवानी, तृतीय पुरस्कार सुमन, बी.ए.तृतीय वर्ष,कन्या महाविद्यालय खरखौदा और सांत्वना पुरस्कार मनीष,बी.ए. द्वितीय वर्ष, डी.ए.वी. सेंटेनरी कॉलेज फरीदाबाद ने प्राप्त किए। महाविद्यालय के प्राचार्य एवं परिषद संरक्षक प्रो.(डॉ.) जगदीश गुप्ता एवं उपाचार्या डॉ.अनुराधा सिंह ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर हिंदी साहित्य परिषद के संयोजक प्रा.विजय सिंह, डॉ.शालिनी, प्रा.गोपाल मलिक, प्रा.कविता मलिक उपस्थित रहे।

Comments