Monday, June 1, 2026
Newspaper and Magzine


आई.बी. (पी.जी.) महाविद्यालय में उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया 77 वां गणतंत्र दिवस.


BOL PANIPAT : आई.बी. (पी.जी.) महाविद्यालय में एन.एस.एस., एन.सी.सी., यूथ रेड क्रॉस, शारीरिक शिक्षा विभाग  के तत्वाधान में 77 वां गणतंत्र दिवस अत्यंत उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में कॉलेज प्रबंधन समिति के सम्मानित सदस्यों, जिनमें आई.बी. सोसाइटी के उप-प्रधान  परमवीर ढींगरा, सचिव  रवि गोसाईं, कैशियर रमेश नागपाल और कार्यकारिणी सदस्य युधिष्ठिर मिगलानी, कॉलेज प्राचार्य डॉ. शशि प्रभा मलिक, उप-प्राचार्या डॉ. किरण मदान और अन्य शिक्षकगणों के साथ मिलकर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ की गूँज से पूरा महाविद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया। इस अवसर पर एन.सी.सी. कैडेट्स और एन.एस.एस. स्वयंसेवकों ने पूरी निष्ठा के साथ तिरंगे को सलामी दी।

समारोह के दौरान कॉलेज के उप-प्रधान  परमवीर ढींगरा  ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे लोकतंत्र की मजबूत नींव और संविधान के प्रति सम्मान प्रकट करने का एक अनूठा अवसर है। वहीं, रवि गोसाईं  ने छात्रों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें प्रेरित किया कि वे संविधान में निहित उच्च मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करें और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
कॉलेज प्राचार्य डॉ. शशि प्रभा मलिक ने ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए बताया कि 26 जनवरी 1950 को ही भारत एक संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य घोषित हुआ था, इसलिए यह दिन हमारे लिए एक महान राष्ट्रीय पर्व के रूप में पूजनीय है।
उपप्राचार्य डॉ. किरण मदान ने भी अपने विचार साझा करते हुए कहा कि आज का यह दिन हमें याद दिलाता है कि हमारा संविधान न केवल हमारे अधिकारों की सुरक्षा करता है, बल्कि हमारे नागरिक कर्तव्यों को भी रेखांकित करता है।
यूथ रेड क्रॉस अधिकारी डॉ. जोगेश और एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारी  खुशबू ने भी युवा पीढ़ी पर जोर देते हुए कहा कि युवाओं को इन संवैधानिक आदर्शों को अपनाकर समाज सेवा और राष्ट्र की प्रगति में अपना पूर्ण योगदान देना चाहिए।
इस भव्य कार्यक्रम में डॉ. सुनीत शर्मा, डॉ. नीलम, डॉ. पूनम मदान, डॉ. निधान सिंह, डॉ. अर्पणा गर्ग, प्रो. पवन कुमार, डॉ. विक्रम कुमार, डॉ. सीमा, प्रो. अजय पाल सिंह, प्रो. कनक शर्मा और डॉ. प्रवीण कुमार सहित कई गणमान्य शिक्षक उपस्थित रहे। 

Comments