एनवी आर्चरी अकादमी के 7 तीरंदाज राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित
BOL PANIPAT : जींद। हरियाणा आर्चरी एसोसिएशन द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय ट्रायल्स में प्रदेश भर के प्रतिभाशाली तीरंदाजों ने हिस्सा लिया। इस चयन प्रतियोगिता में पूरे हरियाणा से आए खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। ट्रायल्स का आयोजन जींद में किया गया, जिसके आधार पर खिलाड़ियों का चयन आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।
इस ट्रायल में पानीपत की एनवी आर्चरी अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 7 खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान पक्का किया। ये खिलाड़ी आगामी 7वीं एनटीपीसी चेरुकुरी लेनिन वोल्गा मेमोरियल किड्स (अंडर-10) नेशनल आर्चरी चैंपियनशिप में भाग लेंगे।
चयनित खिलाड़ियों में रिकर्व राउंड (गर्ल्स अंडर-10) वर्ग में दृष्टि, अन्विषा और सौम्या ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए जगह बनाई। वहीं रिकर्व राउंड (बॉयज अंडर-10) वर्ग में रेयांश और शिवेश का चयन हुआ। इसके अलावा कंपाउंड राउंड (बॉयज अंडर-10) वर्ग में विआन रत्रा और काविश ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर के लिए क्वालीफाई किया।
इस अवसर पर पानीपत जिला आर्चरी कोच नागेश्वर वशिष्ठ ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और कोचों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश और अपने जिले का नाम रोशन करेंगे।
इस मौके पर आर्चरी कोच साहिल गुलिया और वंश आर्चरी कोच भी उपस्थित रहे और सभी चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से अकादमी और क्षेत्र के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।

Comments