Monday, June 1, 2026
Newspaper and Magzine


मंडी निरीक्षण में एक्शन मोड में प्रशासन. खरीद एजेंसियों और व्यवस्था पर कड़ी निगरानी.

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at April 8, 2026 Tags: , , , , ,

उठान में देरी बर्दाश्त नहीं, बारदाने की कमी पाने पर होगी सख्त कार्रवाई, किसानों को नहीं होने दिया जाएगा परेशान: उपायुक्त डॉक्टर वीरेंद्र कुमार दहिया

मंडियों में प्रशासन अलर्ट, ओवरलोड  ट्रॉलियों और गड़बड़ी पर होगी सख्ती

मंडियों में गेहूं की आवक तेज, लापरवाही पर एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश

BOL PANIPAT , 8 अप्रैल। जिले की अनाज मंडियों में गेहूं की आवक लगातार तेज होती जा रही है। प्रशासनिक अधिकारी किसानों को किसी भी प्रकार की दिक्कत न आए, इसके लिए लगातार मंडियों का निरीक्षण कर रहे हैं।

    बुधवार को उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया और पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने मडलौडा अनाज मंडी का निरीक्षण कर जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया। उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने कहा कि जिले की सभी मंडियों में गेहूं खरीद प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी तरीके से संचालित किया जा रहा है।

  उपायुक्त ने कहा कि गेहूं की लिफ्टिंग में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कहीं बारदाने की कमी या उठान में देरी पाई जाती है, तो संबंधित खरीद एजेंसियों के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त ने सभी खरीद एजेंसियों को निर्देश दिए कि वे उसी दिन खरीदे गए गेहूं का उठान सुनिश्चित करें, ताकि मंडियों में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। साथ ही एजेंसियों को यह भी कहा कि वे खरीदे गए गेहूं को तुरंत उठाएं, जिससे किसानों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

    उपायुक्त ने किसानों से अपील की कि वे मंडी में अपने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर नंबर अवश्य लिखवाकर आएं, ताकि खरीद प्रक्रिया व्यवस्थित रूप से चल सके। उन्होंने यह भी कहा कि किसान ओवरलोड ट्रॉली लेकर न आएं और निर्धारित मात्रा का ही गेहूं लेकर मंडी में पहुंचें। उन्होंने बताया कि बायोमैट्रिक रजिस्ट्रेशन की संख्या और बढ़ाई जाएगी, जिससे किसानों को लाइन में कम समय लगे। सभी मंडियों में पटवारियों की ड्यूटी लगाई गई है और संबंधित एसडीएम लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं, ताकि किसी भी किसान को परेशान न होना पड़े। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने गेहूं की ढेरियों पर जाकर मॉइश्चर मीटर से नमी की जांच की और संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए कि वे गुणवत्ता जांच में पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी बरतें।

    पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि मंडियों में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं, ताकि ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की आवाजाही में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, धांधली या किसानों को परेशान करने की शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। मंडियों के आसपास लगातार गश्त की जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, ताकि खरीद प्रक्रिया सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से पूरी हो सके। इस मौके पर किसान यूनियन की तरफ से ज्ञापन भी उपायुक्त को सौंपा गया। इस अवसर पर एसडीएम नवदीप नैन, तहसीलदार वीरेंद्र गिल, चेयरमैन रमेश सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Comments