Thursday, April 16, 2026
Newspaper and Magzine


डीपीएस पानीपत रिफाइनरी ने CBSE कक्षा 10वीं परिणाम 2026 में रचा इतिहास

By LALIT SHARMA , in Business EDUCATIONAL , at April 16, 2026 Tags: , , ,

100% रिजल्ट, 99.2% के साथ आर्ची कौर गांधी टॉपर.

BOL PANIPAT : दिल्ली पब्लिक स्कूल, पानीपत रिफाइनरी ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की कक्षा 10वीं परीक्षा 2026 के परिणामों में ऐतिहासिक सफलता दर्ज करते हुए एक बार फिर अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिचय दिया है। विद्यालय ने इस वर्ष 100% परिणाम हासिल किया, जो संस्थान की सुदृढ़ शिक्षण प्रणाली, अनुशासित शैक्षणिक वातावरण और विद्यार्थियों की निरंतर मेहनत का प्रमाण है।

इस वर्ष कुल 158 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जिनमें सभी छात्र सफल रहे। विद्यालय की मेधावी छात्रा आर्ची कौर गांधी ने 99.2% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। अथर्व मित्तल ने 99% अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि सोहिनी दास और प्रिशा जैन ने 98.6% अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया।

परिणामों की विशेष उपलब्धियों में 32 विद्यार्थियों का 95% से अधिक, 78 विद्यार्थियों का 90% से अधिक, 141 विद्यार्थियों का 75% से अधिक तथा 157 विद्यार्थियों का 60% से अधिक अंक प्राप्त करना शामिल है। विद्यालय का औसत परिणाम 87.2% रहा, जो इसकी गुणवत्ता-आधारित शिक्षा व्यवस्था को दर्शाता है। विशेष उपलब्धि के रूप में विद्यालय के 26 विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों में 100 में से 100 अंक प्राप्त किए, जो उनकी विषयगत गहराई और शिक्षकों के उत्कृष्ट मार्गदर्शन का प्रमाण है।

प्रधानाचार्य सुरेंद्र पी. सचदेवा ने कहा, “यह परिणाम विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों की निष्ठा और अभिभावकों के सहयोग का सामूहिक प्रतिफल है। हमारा उद्देश्य केवल परीक्षा में उत्कृष्ट अंक दिलाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का समग्र व्यक्तित्व विकास सुनिश्चित करना है, ताकि वे जीवन के हर क्षेत्र में सफल हो सकें।”

इस सफलता पर पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स के कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख एम. एल. डहरिया ने भी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा: “डीपीएस पानीपत रिफाइनरी के छात्रों ने अनुशासन, परिश्रम और उत्कृष्ट मार्गदर्शन के माध्यम से जो सफलता अर्जित की है, वह न केवल गौरव का विषय है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है। यह उपलब्धि विद्यालय की समर्पित शिक्षण संस्कृति और नेतृत्व का प्रतिफल है।”

परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। अभिभावकों ने विद्यार्थियों की शानदार उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों के प्रति आभार जताया।

अदम्य साहस और संकल्प की प्रेरक मिसाल: डीपीएस पानीपत रिफ़ाइनरी के छात्र नवोनील सरकार

डीपीएस पानीपत रिफाइनरी के छात्र नवोनील सरकार की जीवन यात्रा वास्तव में प्रेरणादायक है। उन्होंने अंग्रेज़ी में 94, गणित में 92, विज्ञान में 86, सामाजिक विज्ञान में 79 तथा हिंदी में 83 अंक प्राप्त कर 86.8% का उत्कृष्ट कुल परिणाम हासिल किया है। यह उनकी मेहनत, समर्पण और शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रमाण है।

कोविड काल के दौरान नवोनील को एक गंभीर चुनौती का सामना करना पड़ा। गंभीर चिकित्सीय जटिलताओं के कारण उन्होंने अपनी दृष्टि पूरी तरह खो दी। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और विपरीत परिस्थितियों को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया। अद्भुत साहस, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी और अपनी इस चुनौती को अपनी ताकत में बदल दिया।

नवोनील का जीवन हमें यह सिखाता है कि सच्ची दृष्टि भीतर से आती है। उनका सपना एक आईएएस अधिकारी बनने का है, और उनके अटूट संकल्प को देखते हुए पूर्ण विश्वास है कि वे अपने लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करेंगे तथा देश की सेवा गर्व के साथ करेंगे।

Comments


Leave a Reply