जनता का विश्वास प्रशासन की सबसे बड़ी ताकत: उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया
41वीं साप्ताहिक समीक्षा बैठक में शिकायतों के शीघ्र समाधान पर जोर
जनता की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता
एडीसी अंकित चौकसे ने विभागों को पेंडेंसी खत्म करने के दिए सख्त निर्देश
ओल्ड एज पेंशन सहित विभिन्न जनकल्याण योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा
BOL PANIPAT , 8 मई। समाधान प्रकोष्ठ की 41वीं साप्ताहिक समीक्षा बैठक शुक्रवार को प्रदेश भर के उपायुक्त और संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता हरियाणा सरकार की अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं मॉनिटरिंग एंड कोऑर्डिनेशन सेल की अध्यक्ष जी. अनुपमा, (आईएएस) ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित शिकायतों, जनसमस्याओं एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि शेष लंबित शिकायतों का भी जल्द निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। उपायुक्त डॉ. दहिया ने कहा कि जनता का विश्वास प्रशासन की सबसे बड़ी ताकत है। प्रत्येक अधिकारी यह सुनिश्चित करे कि शिकायतों के समाधान में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और समयबद्धता दिखाई दे। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य केवल शिकायतों का निपटारा नहीं, बल्कि नागरिकों को संतुष्टि प्रदान करना है।
एडीसी अंकित चौकसे ने बैठक में विभिन्न विभागों की लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पेंडेंसी कम करने के लिए तीव्रता से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग निर्धारित समयसीमा के भीतर मामलों का निपटारा सुनिश्चित करें ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त विवेक चौधरी ने ओल्ड एज पेंशन से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की तथा शिकायतों की प्रगति से अवगत कराया।
इस अवसर पर एसडीएम मनदीप कुमार, सीईओ डॉ. किरण, नगराधीश टीनू पोसवाल, सीएमओ विजय मलिक, डीडीपीओ राजेश शर्मा, डीईओ राकेश बूरा, डीएसपी सतीश वत्स, डीएचओ संदीप, एलडीएम जितेंद्र, जीएम रोडवेज विक्रम कंबोज, पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता सबित पन्नू, जिला रोजगार अधिकारी रितु चहल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments