Tuesday, August 25, 2026
Newspaper and Magzine


गांवों के विकास कार्यों में तेजी लाएं अधिकारी, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at August 25, 2026 Tags: , , , ,

उपायुक्त ने पानीपत, इसराना समालखा के सरपंचों से गांव में चल रही विकास कार्य की जानी प्रगति

केंद्रीय मंत्री के 35 गांव पर रहा प्रशासन का पूरा जोर

सांसद प्रतिनिधि और सीईओ ने योजनाओं पर की चर्चा, कार्य में तेजी लाने के लिए की चर्चा

BOL PANIPAT , 25 अगस्त। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने मंगलवार को जिला सचिवालय सभागार में पानीपत, इसराना और समालखा खंड के चयनित 35 गांवों में करवाए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने तीनों खंडों से पहुंचे सरपंचों, ग्राम सचिवों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों से गांववार कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को विकास कार्यों में और तेजी लाने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि गांवों का समग्र विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि उनका वास्तविक लाभ ग्रामीणों को धरातल पर दिखाई देना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांवों में चल रहे प्रत्येक कार्य की नियमित निगरानी की जाए तथा जिन कार्यों में किसी कारणवश देरी हो रही है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।

बैठक में मुख्य रूप से केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल द्वारा जिले के चयनित 35 गांवों के विकास के लिए चिन्हित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। इनमें स्कूलों की चारदीवारी, नए कक्षों का निर्माण, शौचालय, लाइब्रेरी निर्माण,रास्तों तथा ड्यूल डेस्क सहित अन्य आवश्यक कार्य शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 18 स्कूलों में मरम्मत कार्यों से संबंधित 99 आवश्यकताओं की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने तीनों खंडों से आए सरपंचों के साथ गांवों में शिव धाम, व्यायामशाला, फिरनी, सीवरेज सहित नौ प्रमुख बिंदुओं पर एक-एक करके चर्चा की। उन्होंने गांवों की वास्तविक आवश्यकताओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि  एस्टीमेट तैयार कर उनका समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

उपायुक्त ने कहा कि विकास कार्यों को गति देने के लिए उपलब्ध सरकारी योजनाओं और संसाधनों का अधिकतम उपयोग किया जाए। जरूरत के अनुसार सी एस आर और डी के माध्यम से भी विकास कार्य करवाए जाएंगे, ताकि गांवों की कोई भी जरूरी आवश्यकता संसाधनों के अभाव में लंबित न रहे। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतें भी अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट रूप से प्रशासन के समक्ष रखें, ताकि आवश्यकता के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके। उपायुक्त ने गांव में बन रही लाइब्रेरी, फिरनी का निर्माण कार्य स्ट्रीट लाइट शिव धाम के बारे में प्रगति जानी और अधिकारियों को पंचायत का सहयोग कर आवश्यक दिशा निर्देशदिए।

उपायुक्त डॉ हरीश ने ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों को वय वंदना योजना का लाभ पात्र वरिष्ठ नागरिकों तक पहुंचाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधि अपने-अपने गांव में 70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों की सूची तैयार करवाएं और सीएससी सेंटर के माध्यम से उनके कार्ड बनवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसके लिए आय की कोई शर्त नहीं है। यदि किसी वरिष्ठ नागरिक को कार्ड बनवाने में परेशानी आती है तो प्रशासन की टीम गांव में जाकर यह कार्य करवाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और किसी भी ग्रामीण को सुविधा प्राप्त करने के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित विकास कार्यों की प्रगति से उपायुक्त को अवगत कराया।

बैठक में सांसद प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा, एसडीएम मनदीप कुमार, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप, सीईओ डॉ. किरण, सीएमओ विजय मलिक, डीडीपीओ राजेश शर्मा, डीईओ राकेश बूरा, योजना के नोडल अधिकारी डॉ. मनीष पासी, डॉ. ललित वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, ग्राम सचिव और ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Comments


Leave a Reply