महिला के गले से सोने की चेन स्नेचिंग करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
BOL PANIPAT , 13 मई : सीआईए वन पुलिस ने भापरा गांव से दूध लेकर लौट रही एक महिला के गले से सोने की चेन स्नेचिंग करने वाले दो आरोपियों को चुलाकाना रोड पर जीए कॉलेज मोड़ से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान किवाना निवासी रिंकू व सुमित के रूप में हुई है।

सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि उनकी टीम को मंगवार शाम गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि चुलकाना रोड जीए कॉलेज मोड़ पर संदिग्ध किस्म के दो युवक किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे है। टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर दोनों युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान रिंकू पुत्र देवी सिंह और सुमित पुत्र रोशन निवासी किवाना के रूप में बताई। गहनता से पूछताछ करने पर आरोपियों ने समालखा संगम कॉलोनी निवासी अपने एक अन्य साथी आरोपी के साथ मिलकर 8 मई की शाम संगम कॉलोनी के नजदीक दूध लेकर लौट रही एक महिला के गेल से सोने की चेन स्नेचिंग करना स्वीकारा। चेन स्नेचिंग की उक्त वारदात बारे थाना समालखा में संगम कॉलोनी निवासी पूजा पत्नी मनोज की शिकायत पर अभियोग दर्ज है।
थाना समालखा में संगम कॉलोनी निवासी महिला पूजा पत्नी मनोज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह अपनी बड़ी बहन मंजू और पड़ोसन रीता के साथ 8 मई की शाम करीब 6 बजे गांव भापरा डेयरी से दूध लेकर घर लौट रही थी। भापरा बाइपास रोड बाला जी टाइल के पास पहुंचे तो पीछे से एक युवक आया और झपट्टा मारकर गले से 14 ग्राम वजनी सोने की चेन तोड़कर सफेद रंग की स्विफट कार में बैठकर फरार हो गया। थाना समालखा में पूजा की शिकायत पर बीएनएस की धारा 304 के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की पहचान व धरपकड़ शुरू कर दी थी।
प्रभारी इस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपी सुमित और रिंकू ने पुलिस को बताया वे दोनों और फरार उनका साथी आरोपी नशा करने के आदी है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया वे दोनों 8 मई की शाम को गांव से कार में सवार होकर घूमते हुए भापरा बाईपास पर पहुचे तो वहां उन्हें संगम कॉलोनी निवासी साथी आरोपी मिल गया। उसने बताया तीन महिलाएं भापरा गांव से दूध लेकर पैदल आ रही है। जिनमें एक महिला ने गले में सोने की चेन पहनी हुई है। तीनों आरोपियों ने मिलकर नशे की लत पूरी करने के लिए चेन स्नेचिंग करने की साजिश रची। आरोपी रिंकू गाड़ी से नीचे उतरा और पीछे से झपट्टा मारकर महिला के गले से सोने की चेन तोड़कर स्विफट कार से फरार हो गए। वारदात के समय आरोपियों ने कार की नंबर प्लेट पर टेप लगा रखी थी। पुलिस ने बुधवार को दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उन्हें 1 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही स्नेच की सोने की चेन और वारदात में प्रयक्त स्विक्ट कार बरामद करने और फरार आरोपी के ठीकानों का पता लगा काबू करने का प्रयास करेगी।

Comments