स्कूलों, आंगनबाड़ी और पंचायतों के सहयोग से होगा एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान सफल: अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे
एचपीवी टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन सक्रिय, विभागों को सौंपी जिम्मेदारियां
14 वर्षीय बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए चलेगा विशेष टीकाकरण अभियान
जिला सचिवालय में हुई अहम बैठक, अतिरिक्त उपायुक्त ने दिए व्यापक जन जागरूकता के निर्देश
BOL PANIPAT , 14 मई। जिले में 14 वर्ष की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के उद्देश्य से शुरू किए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान को लेकर वीरवार को जिला सचिवालय सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने की। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों को अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए तथा उनकी जिम्मेदारियां तय की गईं। अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने कहा कि इस अभियान की सफलता के लिए सभी विभागों का समन्वय बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी एसडीएम को ब्लॉक टास्क फोर्स बैठकों की अध्यक्षता करने तथा शिक्षा, महिला एवं बाल विकास और स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
यही नहीं उन्होंने शिक्षा विभाग को स्कूलों में सूक्ष्म योजना, छात्राओं की सूची तैयार करने, अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित करने और वैक्सीन को लेकर जागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों के माध्यम से जागरूकता रैलियां निकालने के निर्देश भी दिए गए। अतिरिक्त उपायुक्त ने महिला एवं बाल विकास विभाग को स्कूल से बाहर रहने वाली बालिकाओं की पहचान करने तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से समुदाय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने का दायित्व सौंपा गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मातृ बैठकों का आयोजन कर वैक्सीन से जुड़े भ्रम दूर करने के निर्देश दिए गए।
सीएमओ विजय मलिक ने बताया कि जिले में यह अभियान जिला नागरिक अस्पताल, एसडीएच समालखा तथा सभी सीएचसी और पीएचसी स्तर के सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर संचालित किया जाएगा। सीएमओ ने बताया कि भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार यह टीका एकल खुराक के रूप में लगाया जाएगा। अभियान के तहत उन बालिकाओं को शामिल किया गया है, जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन पूरा कर लिया है, लेकिन अभी 15 वर्ष की आयु पूरी नहीं की है। यानी 1 मार्च 2011 से 28 फरवरी 2012 के बीच जन्मी लड़कियां इस अभियान की पात्र होंगी।
विदित रहे कि देशभर में इस अभियान का शुभारंभ 28 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था। तीन माह तक प्रतिदिन चलने वाले इस विशेष अभियान के बाद नियमित सत्र दिवसों पर सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में यह टीकाकरण जारी रहेगा। बैठक में जनसंपर्क विभाग को मीडिया के माध्यम से सकारात्मक संदेश प्रसारित करने तथा बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और नगर निगम के वाहनों में जागरूकता संदेश प्रसारित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा पंचायत विभाग, शहरी निकाय, आयुष विभाग तथा आईएमए, एफओजीएसआई और आईएपी जैसी संस्थाओं से भी अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की गई। एडीसी ने कहा कि सभी विभागों के सामूहिक प्रयासों से जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान को सफल बनाकर बेटियों को सुरक्षित भविष्य प्रदान किया जाएगा। इस मौके पर एसडीएम मनदीप कुमार, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप नैन, सीएमओ विजय मलिक, डिप्टी सीएमओ अमित,डीईओ राकेश बूरा के अलावा विभिन्न विभागों से अधिकारी मौजूद रहे।

Comments