Thursday, May 21, 2026
Newspaper and Magzine


लेजर लेवलर योजना से किसानों को मिलेगा बड़ा लाभ, पानी की होगी 40 प्रतिशत तक बचत: उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at May 21, 2026 Tags: , , , ,

1100 रुपये में खेत होंगे समतल, फसल उत्पादन बढ़ाने की अनोखी पहल

कृषि विभाग की नई पहल, कम खर्च में किसानों को आधुनिक तकनीक का लाभ

लेजर लेवलर योजना से खेती होगी आसान, उपायुक्त और कृषि विभाग ने किसानों से लाभ उठाने की कि अपील

BOL PANIPAT , 21 मई। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग  द्वारा किसानों को आधुनिक खेती तकनीक से जोडऩे के लिए लेजर लेवलर योजना को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस योजना के तहत किसान बेहद कम खर्च में अपने खेतों को समतल करवा सकते हैं, जिससे पानी की बचत के साथ-साथ फसल उत्पादन में भी बढ़ोतरी होगी। जिला प्रशासन और कृषि विभाग ने किसानों से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।

    उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए लगातार आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने बताया कि लेजर लेवलर तकनीक खेती में क्रांतिकारी बदलाव ला रही है, क्योंकि इससे खेत पूरी तरह समतल हो जाते हैं और सिंचाई समान रूप से होती है। उन्होंने कहा कि पानी की लगातार घटती उपलब्धता को देखते हुए ऐसी योजनाएं किसानों के लिए बेहद उपयोगी साबित होंगी। उपायुक्त ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे इस योजना का लाभ लेकर पानी और समय दोनों की बचत करें तथा खेती की लागत कम करें।

    उप कृषि निदेशक डॉ. प्रवीण कुमार गुलिया ने बताया कि कृषि विभाग द्वारा किसानों को लेजर लेवलर सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। इसके लिए किसान को मात्र 1100 रुपये का चालान 10 घंटे के लिए जमा करवाना होगा। उन्होंने बताया कि इस तकनीक से खेत समतल होने के कारण सिंचाई समान रूप से होती है और लगभग 30 से 40 प्रतिशत तक पानी की बचत होती है। इसके अलावा फसल की पैदावार में भी उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिलती है।

डॉ. गुलिया ने कहा कि जिन किसानों को अपने खेत में गोडी करवानी है, वे सहायक कृषि अभियंता, पानीपत अथवा उप कृषि निदेशक कार्यालय, नई अनाज मंडी स्थित कृषि विभाग कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। किसान को ट्रैक्टर के आने-जाने और उपयोग में लगने वाले तेल का खर्च स्वयं वहन करना होगा। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य किसानों तक आधुनिक कृषि तकनीकों को पहुंचाना और खेती को अधिक लाभकारी बनाना है।

कृषि विभाग के कार्यकारी अभियंता सुधीर के अनुसार लेजर लेवलर तकनीक से खेतों में पानी का जमाव नहीं होता, जिससे फसल खराब होने की संभावना कम हो जाती है। साथ ही खेत समतल होने से बीजों का अंकुरण बेहतर होता है और खाद व पानी का उपयोग संतुलित रूप से होता है। इससे किसान की लागत घटती है और उत्पादन बढ़ता है। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे समय रहते इस योजना का लाभ लें और आधुनिक खेती तकनीकों को अपनाकर अपनी खेती को अधिक उन्नत और लाभकारी बनाएं।

Comments


Leave a Reply