Saturday, June 27, 2026
Newspaper and Magzine


योग ने दुनिया को भारत की प्राचीन संस्कृति का परिचय कराया : विधान सभा स्पीकर हरविंद्र कल्याण

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at June 21, 2026 Tags: , , , , ,

शिवाजी स्टेडियम में उमड़ा जनसैलाब, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया 12 वा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

नशा मुक्त हरियाणा का लिया संकल्प, योग साधकों और विशेषज्ञों का हुआ सम्मान

योग से स्वस्थ शरीर, सकारात्मक विचार और सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव : एडीसी अंकित चौकसे

BOL PANIPAT , 21 जून। हरियाणा योग आयोग एवं आयुष विभाग, हरियाणा के संयुक्त तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 का जिला स्तरीय समारोह रविवार को शिवाजी स्टेडियम में अत्यंत हर्षोल्लास, उत्साह और उमंग के वातावरण में आयोजित किया गया। “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” तथा “योग युक्त, नशा मुक्त हरियाणा” थीम पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में हजारों योग साधकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों, खिलाड़ियों और योग विशेषज्ञों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरियाणा विधानसभा के स्पीकर हरविंद्र कल्याण रहे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा योग प्रोटोकॉल के तहत सामूहिक योगाभ्यास में भाग लिया। इस अवसर पर उपस्थित योग साधकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का संदेश भी सुना और तालियां बजाकर उनका स्वागत किया।
अपने संबोधन में हरविंद्र कल्याण ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि जीवन जीने की एक उत्कृष्ट पद्धति है, जो शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि योग ने पूरी दुनिया को भारत की प्राचीन संस्कृति, ज्ञान और जीवन दर्शन से परिचित कराया है। आज विश्व के अधिकांश देश योग को अपनाकर उसके लाभ प्राप्त कर रहे हैं, जो प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली और संयुक्त राष्ट्र में प्रस्ताव पारित होने के बाद आज पूरी दुनिया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मना रही है। योग हमें शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक शक्ति प्रदान करता है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।
विधानसभा अध्यक्ष ने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए बताया कि करीब 18 वर्ष पूर्व गंभीर चोट के कारण उन्हें चलने-फिरने में काफी परेशानी होती थी, लेकिन नियमित योग साधना ने उन्हें स्वस्थ जीवन की ओर लौटने में महत्वपूर्ण सहायता दी। उन्होंने कहा कि आज भी उनका योग के प्रति अटूट विश्वास है और वे इसे स्वस्थ जीवन का सबसे प्रभावी माध्यम मानते हैं।
उन्होंने कहा कि योगशालाएं घर-घर तक पहुंचनी चाहिए ताकि समाज का प्रत्येक व्यक्ति स्वस्थ, संस्कारित और सकारात्मक जीवन जी सके। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में सभी को अपनी भूमिका निभानी होगी और आने वाली पीढ़ी को भी इसके लिए तैयार करना होगा।

उन्होंने कहा कि
“योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है। यह केवल शरीर को स्वस्थ नहीं बनाता बल्कि व्यक्ति के विचारों, व्यवहार और जीवन दृष्टि को भी सकारात्मक बनाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज योग विश्वव्यापी जनआंदोलन बन चुका है। हमें योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ, संस्कारित और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि योग जीवन को संतुलन, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव स्वस्थ नागरिकों पर टिकी होती है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि योग और नशा मुक्ति का संदेश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे तथा प्रत्येक नागरिक स्वस्थ और जागरूक जीवन की ओर अग्रसर हो।
उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं बल्कि जीवन को संतुलित और अनुशासित बनाने की कला है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को तनावमुक्त रखता है, कार्यक्षमता बढ़ाता है और समाज में सकारात्मक सोच विकसित करता है। योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर हम स्वस्थ परिवार, स्वस्थ समाज और स्वस्थ राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन योग और नशा मुक्ति के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। योग आत्मबल और आत्मविश्वास बढ़ाता है, जबकि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज को कमजोर करता है। इसलिए सभी नागरिकों को योग अपनाने और नशे से दूर रहने का संकल्प लेना चाहिए।
इस अवसर पर हरविंद्र कल्याण ने उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई तथा समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा सामाजिक बुराई है, जिसके खिलाफ सामूहिक जनआंदोलन की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के दौरान योग के प्रचार-प्रसार और जनजागरूकता में विशेष योगदान देने वाले 15 योग साधकों एवं विशेषज्ञों को सम्मानित भी किया गया। पूरे स्टेडियम में उत्सव जैसा वातावरण दिखाई दिया और हजारों लोगों ने एक साथ योग कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
इस अवसर पर मेयर कमल सैनी, शिक्षा मंत्री के प्रतिनिधि हरपाल ढांडा, पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह, अतिरिक्त निगम आयुक्त विवेक चौधरी, एसडीएम मनदीप कुमार, स्टेट ऑफिसर प्रतीक हुड्डा, सीईओ डॉ. किरण, नगराधीश टीनू पोसवाल, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. राज कपूर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक महीपाल बंसल, डीआईपीआरओ डॉ. सुनील बस्ताड़ा, डीईओ राकेश बूरा, डीएसपी ट्रैफिक सुरेश सैनी, जिला योग कोऑर्डिनेटर डॉ. योगेश, जिला योग विशेषज्ञ नीलिमा राजपाल, सीनियर कोच अनुज जागलान, जगबीर मलिक, महिपाल,सुषमा, एकता, एडवोकेट संदीप जिंदल, कृष्ण आर्य सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Comments


Leave a Reply