निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर पुलिस ने लगाई छबील. राहगीरों को पिलाया शीतल जल व मीठा शरबत.
भीषण गर्मी में लोगों को शीतल जल पिलाना सबसे बड़ा पुण्य और सच्ची मानव सेवा: एसपी भूपेंद्र सिंह आईपीएस
BOL PANIPAT , 25 जून : निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस की प्रेरणा से थाना शहर और थाना तहसील कैंप पुलिस ने संयुक्त रूप से थाना के बाहर जीटी रोड पर छबील लगाकर राहगीरों को शीतल जल एवं मीठा शरबत पिलाया। इस दौरान लोगों को गर्मी से बचाव, पर्याप्त पानी पीने तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियां बरतने के प्रति भी जागरूक किया गया। छबील पर सुबह से ही ऑटो, ई रिक्शा और ई बसों में जाने वाले यात्रियों के साथ पैदल हजारों लोगों ने जल की सेवा ली। पुलिसकर्मियों ने पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ राहगीरों को पिलाया। इसी के साथ जिला सचिवालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में भी छबील लगाकर कार्यालय में आने वाले फरियादियों व आमजन को शीतल जल व मीठा शरबत पिलाया।

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल अपराधों पर अंकुश लगाना और कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी सामाजिक एवं मानवीय जिम्मेदारियों का भी पूरी संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करना है। पुलिस तभी प्रभावी बनती है, जब वह आमजन के सुख-दुख में सहभागी बनकर उनके साथ विश्वास और आत्मीयता का रिश्ता स्थापित करे। इसी सोच के अनुरूप पानीपत पुलिस समय-समय पर सामाजिक, धार्मिक एवं जनहित के कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभा रही है। निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर आयोजित छबील सेवा, सद्भाव और जनकल्याण की भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में लोगों को शीतल जल पिलाना सबसे बड़ा पुण्य और सच्ची मानव सेवा है। इस प्रकार के आयोजन पुलिस और जनता के बीच आपसी विश्वास, सहयोग एवं भाईचारे को और अधिक मजबूत करते हैं। पानीपत पुलिस भविष्य में भी जनसेवा और समाजहित के कार्यों में इसी प्रकार अग्रणी भूमिका निभाती रहेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास, सहयोग और आत्मीयता का रिश्ता जितना मजबूत होगा, समाज उतना ही सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण बनेगा।
थाना शहर प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र ने कहा कि निर्जला एकादशी पर जलदान और सेवा का विशेष महत्व है। पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के मार्गदर्शन में इसी जन भावना के तहत पानीपत पुलिस ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए इस कार्य का आयोजन किया।
थाना तहसील कैंप प्रभारी इंस्पेक्टर बलजीत ने कहा कि भारतीय संस्कृति में सेवा, परोपकार और मानव कल्याण को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। निर्जला एकादशी का पर्व हमें जरूरतमंदों की सहायता और जनसेवा का संदेश देता है। पानीपत पुलिस ने इसी भावना के साथ छबील लगाकर राहगीरों को शीतल जल एवं मीठा शरबत वितरित किया।

Comments