Friday, June 26, 2026
Newspaper and Magzine


गांवों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at June 26, 2026 Tags: , , , ,

ग्रामीण विकास को नई रफ्तार: पंचायतों को मिले पानी के टैंकर और सार्वजनिक बेंच

जिला परिषद चेयरपर्सन ज्योति शर्मा की अध्यक्षता में जनहित को समर्पित कार्यक्रम का आयोजन

पंचायतों को संसाधनों से सशक्त बनाकर आत्मनिर्भर गांवों का सपना होगा साकार

BOL PANIPAT , 26 जून। ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में जिला परिषद के सौजन्य से गांव सिवाह में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें हरियाणा सरकार के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा बतौर मुख्यअतिथि पधारे। इस अवसर पर जिला परिषद चेयरपर्सन ज्योति शर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उन्होंने विभिन्न ग्राम पंचायतों को पानी के टैंकर एवं सार्वजनिक उपयोग के लिए बेंच वितरित किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि हरियाणा सरकार गांवों के समग्र विकास और पंचायतों को सशक्त बनाने के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिससे प्रत्येक नागरिक के जीवन स्तर में सुधार आए और गांव विकास की मुख्यधारा से और अधिक मजबूती से जुड़ सकें।

    उन्होंने कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की सबसे महत्वपूर्ण इकाई हैं और उन्हें आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। पानी के टैंकर और सार्वजनिक बेंच जैसी सुविधाएं केवल संसाधन नहीं, बल्कि ग्रामीणों के जीवन को अधिक सुगम और सुविधाजनक बनाने का माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अंत्योदय की भावना के साथ अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में भी गांवों के विकास के लिए इसी प्रकार की योजनाएं निरंतर लागू की जाती रहेंगी।

    कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला परिषद चेयरपर्सन श्रीमती ज्योति शर्मा ने कहा कि जिला परिषद पानीपत जनहित के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति दे रही है। उन्होंने कहा कि पंचायतों को उपलब्ध कराए गए पानी के टैंकर पेयजल एवं अन्य आवश्यक कार्यों में उपयोगी सिद्ध होंगे, वहीं सार्वजनिक स्थानों पर लगाए जाने वाले बेंच ग्रामीणों, बुजुर्गों एवं आम नागरिकों को बेहतर सुविधा प्रदान करेंगे।

    उन्होंने कहा कि जिला परिषद भविष्य में भी जनसेवा और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास जारी रहेंगे। इस अवसर पर जिला पार्षद पूजा भान, दया राम कश्यप, सुंदर छोक्कर, भाजपा जिला सचिव अनिल मलिक एवं श्वेता राजपूत, पानीपत ब्लॉक चेयरमैन कुलदीप राणा, सरपंच प्रतिनिधि रणदीप आर्य सहित पानीपत ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के सभी सम्मानित सरपंच, ब्लॉक सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Comments


Leave a Reply