खोतपुरा में ओखल से वार कर सुशील की हत्या करने का आरोपी गिरफ्तार
BOL PANIPAT, 03 जुलाई : थाना सेक्टर 13/17 पुलिस ने गांव खोतपुरा के (डेरा मन्चुरी) में ओखल से वार कर सुशील की बेरहमी से हत्या करने के आरोपी डेरा मन्चुरी खोतपुरा निवासी अभिषेक उर्फ बंदर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को वीरवार देर शाम चंदौली गंदा नाला पुलिया के पास से गिरफ्तार किया।
थाना सेक्टर 13/17 प्रभारी सब इंस्पेक्टर दलबीर ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने सुशील की हत्या करना स्वीकारा। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया मृतक सुशील रिश्ते में उसका चाचा लगता था। कुछ समय पहले उसका सुशील के साथ झगड़ा हुआ था, जिसकी शिकायत सुशील ने डायल-112 पर की थी। इसी बात की रंजिश वह मन में रखे हुए था। 30 जून की शाम मौका मिलते ही उसने गली में सुशील का रास्ता रोक लिया। पहले उसके साथ मारपीट की और जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद पास में पड़ी पत्थर की ओखल उठाकर उसके चेहरे पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी अभिषेक उर्फ बंदर को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही वारदात के समय पहने कपड़े बरामद करने का प्रयास करेंगी।
यह है मामला
थाना सेक्टर 13/17 में गांव खोतपुरा स्थित डेरा मंचुरी निवासी कविता पत्नी सुशील पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 30 जून की शाम करीब 8 बजे उसका पति सुशील गली से घर लौट रहा था। जब वह भानीराम के मकान के पास पहुंचा तो डेरे के रहने वाले अभिषेक उर्फ बंदर ने रास्ता रोक कर पति के साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान सुशील गली में गिर गया। आरोपी अभिषेक ने वहीं पड़ी पत्थर की ओखल उठाकर उसके चेहरे पर तीन-चार वार किए, जिससे सुशील की मौके पर ही मौत हो गई। उसके पति सुशील के साथ आरोपी अभिषेक ने पहले भी झगड़ा किया था। जिसकी शिकायत उन्होंने डॉयल 112 पर की थी। आरोपी अभिषेक इस बात की रंजिश रखे हुए था। इसी रंजिश में आरोपी ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। थाना सेक्टर 13/17 में महिला कविता की शिकायत पर बीएनएस की धारा 103(1), 126(2) के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी। मौके से एफएसएल टीम द्वारा भौतिक साक्ष्य एकत्रित किए गए थे। पुलिस टीम द्वारा आरोपी की धरपकड़ के लिए उसके संभावित ठीकानों पर दबिश दी जा रही थी।

Comments