9 जुलाई तक हर पात्र मतदाता का सत्यापन पूरा करें, लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी: एसडीएम मनदीप कुमार
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में तेजी, बीएलओ को समयबद्ध लक्ष्य पूरा करने के सख्त निर्देश
BOL PANIPAT , 6 जुलाई। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत पानीपत ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची को शत-प्रतिशत त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से एसडीएम मनदीप कुमार ने सभी बूथ लेवल अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी बीएलओ 9 जुलाई तक अपने-अपने क्षेत्र के सभी निर्धारित प्रपत्र पूर्ण कर निर्धारित समय सीमा के भीतर जमा कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पानीपत ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के लिए 9 जुलाई तक सभी फॉर्म जमा कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे हर हाल में पूरा किया जाए।
एसडीएम मनदीप कुमार ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसमें प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही एवं अद्यतन रूप से दर्ज होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी बीएलओ से घर-घर जाकर सत्यापन करने, पात्र मतदाताओं के आवेदन समय पर भरवाने तथा किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम छूटने न देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और गंभीरता के साथ कार्य करें। निर्धारित समय सीमा का कड़ाई से पालन किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी बीएलओ आपसी समन्वय और मेहनत से 9 जुलाई तक निर्धारित लक्ष्य को सफलतापूर्वक पूरा करेंगे, जिससे मतदाता सूची अधिक सटीक, पारदर्शी और विश्वसनीय बन सकेगी।

Comments