मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का सुनहरा अवसर. 31 अगस्त तक करें आवेदन: उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ.
लोकतंत्र की मजबूती का महाअभियान शुरू, हर पात्र नागरिक अवश्य बनवाए अपना वोट
8, 9, 22 और 23 अगस्त को विशेष अभियान, सभी मतदान केंद्रों पर मिलेंगी निःशुल्क सेवाएं
मतदाता सूची पुनरीक्षण में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, उड़न दस्ते करेंगे बीएलओ की निगरानी
BOL PANIPAT , 31 जुलाई। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जुलाई को अर्हता तिथि (क्वालीफाइंग डेट) मानते हुए जिला के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य जारी है। इसी क्रम में 31 जुलाई से 30 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान सभी पात्र नागरिक अपने नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाने, नाम हटवाने अथवा मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन करवाने के लिए निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत प्रत्येक नागरिक का मताधिकार है। इसलिए जिन युवाओं की आयु निर्धारित तिथि तक 18 वर्ष या उससे अधिक हो चुकी है अथवा जो किसी कारणवश अभी तक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज नहीं करवा पाए हैं, वे इस अवसर का लाभ अवश्य उठाएं।
उपायुक्त ने कहा कि शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव की आधारशिला होती है, इसलिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
उपायुक्त ने बताया कि जिन नागरिकों को अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करवाना है, वे फार्म संख्या-6, नाम हटवाने के लिए फार्म संख्या-7 तथा मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता, आयु या अन्य विवरण में संशोधन करवाने के लिए फार्म संख्या-8 भरकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 8 अगस्त, 9 अगस्त, 22 अगस्त तथा 23 अगस्त को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। इन चारों दिनों में जिले के सभी बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने मतदान केंद्रों पर प्रातः 9 बजे से सायं 5 बजे तक उपस्थित रहेंगे। इस दौरान मतदाता सूची से संबंधित सभी प्रकार के आवेदन मौके पर ही निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे तथा पात्र नागरिकों से फार्म प्राप्त किए जाएंगे, ताकि किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ हरीश ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। विशेष अभियान के दौरान बीएलओ की उपस्थिति और कार्यों की निगरानी के लिए उड़न दस्तों का गठन किया गया है। उन्होंने संबंधित निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों, सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों तथा सुपरवाइजर अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे विशेष अभियान की प्रत्येक निर्धारित तिथि पर मतदान केंद्रों का निरीक्षण करें और अगले दिन अपने कार्यालय में विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि “मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम दर्ज होना केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। उपायुक्त डॉ हरीश ने विशेष तौर पर नागरिकों, विशेषकर पहली बार मतदान करने वाले युवाओं से आग्रह है कि वे निर्धारित अवधि के भीतर अपने मतदान संबंधी सभी कार्य अवश्य पूर्ण करें। प्रशासन पूरी पारदर्शिता, जवाबदेही और प्रतिबद्धता के साथ इस विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए कार्य कर रहा है। कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे, यही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
उन्होंने नागरिकों से विशेष अभियान तिथियों का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा अपने परिवार, रिश्तेदारों और आसपास के पात्र लोगों को भी मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने, आवश्यक संशोधन कराने अथवा नाम हटवाने के लिए प्रेरित करने की अपील की। इससे जिले की मतदाता सूची अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बन सकेगी तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया और अधिक सशक्त होगी।

Comments