Friday, August 7, 2026
Newspaper and Magzine


अंत्योदय उत्थान मेला 2.0 की तैयारियों को लेकर एडीसी ने अधिकारियों को दिए निर्देश

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at August 7, 2026 Tags: , , , , ,

8 से 10 अगस्त तक समालखा में लगेगा मेला, विभाग योजनाओं की जानकारी और मौके पर सहायता उपलब्ध करवाएंगे

BOL PANIPAT , 7 अगस्त। अंत्योदय उत्थान मेला 2.0 के सफल आयोजन को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने शुक्रवार को जिला सचिवालय सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान पात्र लाभार्थियों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उन्हें योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया और पात्रता के बारे में भी विस्तार से अवगत करवाया जाए।

अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि अंत्योदय उत्थान मेला 2.0 का आयोजन 8 से 10 अगस्त तक प्रतिदिन समालखा स्थित सरल केंद्र, उपमंडल अधिकारी कार्यालय में किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन सुबह 8:30 बजे निर्धारित स्थान पर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मेले में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित जानकारी आमजन को एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा।

   अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले प्रत्येक पात्र व्यक्ति को उसकी आवश्यकता के अनुसार उचित मार्गदर्शन दिया जाए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग अपने-अपने विभाग की योजनाओं से जुड़ी प्रचार-प्रसार सामग्री, आवेदन पत्र तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज एवं सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखें, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और जहां संभव हो, मौके पर ही आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाई जा सके।

बैठक में जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी उप निदेशक जिला उद्योग केंद्र, पशुपालन विभाग, जिला बागवानी विभाग, जिला रोजगार विभाग, मत्स्य विभाग, हरियाणा कौशल विकास मिशन, महिला विकास निगम, हरियाणा पिछड़ा वर्ग निगम, जिला बाल कल्याण विभाग, मनरेगा, सीएससी ई-गवर्नेंस तथा अग्रणी बैंक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को मेले के सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अतिरिक्त उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अंत्योदय उत्थान मेला 2.0 को प्रभावी बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

Comments


Leave a Reply