Sunday, August 16, 2026
Newspaper and Magzine


महिला दुकानदार से सामान खरीदने के बहाने सोने की चेन झपटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at August 16, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT, 16 अगस्त : सीआईए टू पुलिस ने गांव निजामपुर में महिला दुकानदार से सामान खरीदने के बहाने सोने की चेन झपटने वाले दो आरोपियों को शनिवार देर शाम को शिमला मौलाना रोड से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान गांव बाबरपुर निवासी चंदन व शिमला मौलाना निवासी कर्ण के रूप में हुई है।

उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय विकास कुमार ने रविवार को सीआईए टू में प्रेसवार्ता के दौरान मामले की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने उक्त मामले की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ की जिम्मेदारी सीआईए टू प्रभारी सब इंस्पेक्टर अनिल पवार व उनकी टीम को सौंपी थी। पुलिस टीम ने अपने सभी सोर्स एक्टिव कर शनिवार शाम को मिली गुप्त सूचना पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को शिमला मौलाना रोड से गिरफ्तार किया। कड़ाई से पूछताछ में दोनों आरोपियों ने महिला दुकानदार से सोने की चेन झपटने की वारदात को अंजाम देना स्वीकारा।

उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय विकास कुमार ने बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया वे नशा करने के आदी है। अपनी नशे की लत व खाने पीने के शौक पूरा करने के लिए उन दोनों ने मिलकर चेन स्नेचिंग की उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकारा। आरोपियों ने पूछताछ में पुलिस को बताया उन्होंने स्नेच की चेन वधावाराम कॉलोनी निवासी सुनार बालकृष्ण उर्फ शैंटी को 85 हजार रूपए में बेच दी थी। आरोपी कर्ण का पहले भी आपराधिक रिकार्ड होना पाया गया है। आरोपी कर्ण के खिलाफ लूट व चोरी के 5 मामले दर्ज है। आरोपी करीब 1 साल पहले जेल से बेल पर बाहर आया था।
पुलिस ने रविवार को दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उन्हें 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस दोनों आरोपियों से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही वारदात में प्रयुक्त बाइक व झपटी सोने की चेन बेचकर हासिल की नकदी बरामद करने का प्रयास करेगी।

यह है मामला

थाना सेक्टर 13/17 में गांव निजामपुर निवासी रविंद्र पुत्र राजपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसकी माता कलावती ने घर के नीचे परचून की दुकान कर रखी है। 20 मई की दोपहर करीब 2:30 बजे उनकी माता हमेशा की तरह दुकान पर बैठी हुई थीं। इसी दौरान एक बिना नंबर की बाइक पर सवार होकर दो अज्ञात युवक उनकी दुकान के सामने आकर रुके। बाइक पर पीछे बैठा युवक उतर कर दुकान के अंदर आया और उसकी माता से पानी की बोतल व सिगरेट मांगी। उसका साथी दुकान से कुछ दूरी पर बाइक को खड़ी कर खड़ा रहा। उसकी माता युवक को सिगरेट देने लगी तो तभी आरोपी ने उसे डराकर उसके गले में पहनी सोने की चेन झपट ली । आरोपी चेन झपटने के बाद दूसरे साथी आरोपी के साथ बाइक पर बैठकर मौके से फरार हो गए। चेन का वजन करीब दो तोला है। थाना सेक्टर 13/17 में रविंद्र की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।

Comments


Leave a Reply