Wednesday, August 26, 2026
Newspaper and Magzine


युवाओं को कानून की जानकारी होना जरूरी, अपराध होने पर तुरंत उठाएं कानूनी कदम

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at August 26, 2026 Tags: , , , ,

सशक्त युवा, सुदृढ़ भारत’ का संदेश लेकर विद्यार्थियों को कानून के प्रति किया जागरूक

BOL PANIPAT, 26 अगस्त। देशबंधु गुप्ता राजकीय महाविद्यालय  के कानूनी साक्षरता प्रकोष्ठ की ओर से जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण  के सहयोग से ‘जागृति योजना’ के तहत ‘सशक्त युवा, सुदृढ़ भारत’ विषय पर एक दिवसीय कानूनी जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को विभिन्न कानूनों और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। इस मौके पर अधिवक्ता राजेश ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बाल न्याय अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम तथा साइबर सुरक्षा से संबंधित कानूनी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए कानून की जानकारी होना बेहद आवश्यक है, क्योंकि जागरूकता ही अपराधों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि किसी अपराध की घटना होने पर घबराने के बजाय तत्काल क्या कदम उठाए जाने चाहिए और किस प्रकार कानूनी सहायता प्राप्त की जा सकती है, इसकी जानकारी प्रत्येक युवा को होनी चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों से साइबर अपराधों के प्रति विशेष रूप से सतर्क रहने का आह्वान किया। साथ ही, बाल अपराध और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कानूनों के प्रावधानों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने विभिन्न कानूनी विषयों से संबंधित सवाल पूछे, जिनका अधिवक्ता राजेश ने सरल एवं प्रभावी ढंग से समाधान किया। इस दौरान विद्यार्थियों को कानून की बारीकियों के साथ-साथ व्यवहारिक परिस्थितियों में कानूनी प्रावधानों के उपयोग की जानकारी भी मिली।

जागरूकता अभियान में महाविद्यालय के करीब 80 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के समापन पर कानूनी साक्षरता प्रकोष्ठ की प्रभारी डॉ. दीप्ति गाबा ने मुख्य वक्ता एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों से कानून का पालन करने तथा समाज में जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक की भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. कुसुम ने विशेष सहयोग प्रदान किया।  कार्यक्रम में पहुंचने पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुभाष जागलान ने जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण की ओर से पहुंचे मुख्य वक्ता अधिवक्ता राजेश तथा पैरा लीगल वालंटियर पुष्पा रानी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

Comments


Leave a Reply